तीन बच्चों के सामने की बेरहमी,गर्भवती महिला के शरीर पर मिले 16 चोट के निशान
अम्बिकापुर,16 मई 2026 (घटती-घटना)। मणिपुर थाना क्षेत्र के ग्राम भिट्ठीकला में एक युवक द्वारा अपनी पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने तीन बच्चों के सामने ही 23 वर्षीय पत्नी को डंडे और पत्थर से पीटा। महिला के बेहोश होने पर उसे गमछे से कमर में बांधकर बाइक से मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद आरोपी शव छोडकर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। जानकारी के अनुसार ग्राम भिट्ठीकला निवासी प्रदीप अगरिया ने करीब 8 वर्ष पूर्व हीरा बाई से प्रेम विवाह किया था। वर्तमान में दोनों के चार बच्चे हैं। हीरा बाई तीन माह की गर्भवती थी। बताया जा रहा है कि आरोपी शराब पीने का आदी था और अक्सर पत्नी से मारपीट करता था। घटना 14 मई की दोपहर की बताई जा रही है। आरोपी शराब पीकर घर पहुंचा और किसी बात को लेकर पत्नी से विवाद करने लगा। विवाद बढऩे पर उसने पत्नी की डंडे व पत्थर से बेरहमी से पिटाई कर दी। इस दौरान उसके तीन बच्चे मौके पर मौजूद थे। बड़ी बेटी अपनी मां को बचाने की गुहार लगाती रही, लेकिन आरोपी नहीं रुका। मारपीट के दौरान उसने महिला को घसीटा भी। पिटाई से गंभीर रूप से घायल महिला बेहोश हो गई थी। शाम को आरोपी उसे बाइक से मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचा। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया। मौत की जानकारी मिलते ही आरोपी अस्पताल से फरार हो गया। अस्पताल प्रबंधन की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। महिला के शव का पोस्टमार्टम शुक्रवार को किया गया। डॉक्टरों के अनुसार महिला तीन माह की गर्भवती थी। उसके शरीर पर 16 जगह गंभीर चोट के निशान मिले हैं। मारपीट के कारण महिला और गर्भ में पल रहे शिशु दोनों की मौत हो गई। मृतका के मायके पक्ष की शिकायत पर पुलिस गांव पहुंची। घटनास्थल पर जगह-जगह खून के धब्बे और महिला को घसीटने के निशान मिले हैं। मृतका के परिजनों ने आरोपी पर लंबे समय से मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच करते हुए फरार आरोपी की तलाश कर रही है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur