बलरामपुर का कूटरचित दस्तावेज लगाकर हासिल की थी नौकरी,बर्खास्तगी के बाद पुलिस ने किया गिरफ्तार,मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच जारी
बलरामपुर,14 मई 2026 (घटती-घटना)। फर्जी निवास प्रमाण-पत्र बनवाकर सीआरपीएफ में नौकरी हासिल करने वाले एक आरक्षक को बलरामपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी को सीआरपीएफ से बर्खास्त किए जाने के बाद पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई, जहां उसने फर्जी तरीके से निवास प्रमाण पत्र बनवाकर नौकरी पाने की बात स्वीकार कर ली। जानकारी के अनुसार तहसीलदार बलरामपुर द्वारा 28 अप्रैल 2026 को थाना बलरामपुर में लिखित शिकायत प्रस्तुत की गई थी। शिकायत में बताया गया कि 204 कोबरा बटालियन, सीआरपीएफ करनपुर जगदलपुर में पदस्थ कांस्टेबल सुमित पिता अचल सिंह द्वारा तहसील कार्यालय बलरामपुर के ई-डिस्टि्रक्ट पोर्टल के माध्यम से कूटरचित दस्तावेज प्रस्तुत कर स्थानीय निवासी प्रमाण पत्र बनवाया गया। जांच में सामने आया कि आरोपी ने विशाल सोनी पिता स्वर्गीय सुरेश सोनी के शैक्षणिक एवं अन्य दस्तावेजों में कूट रचना कर अपने नाम से स्थानीय निवासी प्रमाण पत्र जारी करवाया था। यही फर्जी प्रमाण पत्र सीआरपीएफ में भर्ती के दौरान भी प्रस्तुत किया गया था।
जांच में खुली फर्जीवाड़े की परतें : मामले की शिकायत मिलने के बाद थाना बलरामपुर में अपराध क्रमांक 78/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस को दस्तावेजों में कूटरचना, फर्जी निवास प्रमाण पत्र तैयार करने और उसका उपयोग सरकारी नौकरी हासिल करने में किए जाने के पर्याप्त साक्ष्य मिले। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318 (2), 319(2), 336 (3), 340 (2), 61(2)(ए), 338 तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66(सी) एवं 66(डी) के तहत अपराध दर्ज किया है। विवेचना के दौरान 14 मई 2026 को 204 कोबरा बटालियन, सीआरपीएफ करनपुर जगदलपुर से आरोपी आरक्षक को विधिवत बर्खास्त किए जाने के बाद पुलिस ने अभिरक्षा में लिया।
थाना बलरामपुर लाकर पूछताछ करने पर आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने फर्जी तरीके से बलरामपुर छत्तीसगढ़ का निवास प्रमाण पत्र बनवाकर सीआरपीएफ में प्रस्तुत किया था।
न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जिला जेल रामानुजगंज भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur