4 आरोपियों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,14 मई 2026 (घटती-घटना)। दरिमा थाना क्षेत्र में पेट्रोल पम्प के मैनेजर से लूटपाट करने वाले 4 आरोपियों के विरुद्ध पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को बाल न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो वाहन भी जब्त किए हैं।
पेट्रोल पम्प से हिसाब कर लौट रहा था मैनेजर : मामले में प्रार्थी शिवचंद वर्मा, निवासी गांधीनगर अंबिकापुर ने 7 मई 2026 को थाना दरिमा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी के अनुसार वह कुम्हारता-नचाई स्थित वेदिका पेट्रोल पम्प से हिसाब कर करीब 61 हजार 670 रुपए नगद लेकर अंबिकापुर लौट रहा था। इसी दौरान नचाई चौक के पास दो मोटरसाइकिलों में सवार 4 युवक चेहरा ढककर पहुंचे और रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी तथा नगदी रकम, मोबाइल फोन, हिसाब की डायरी और मोटरसाइकिल लूटकर फरार हो गए।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों तक पहुंची पुलिस : घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना दरिमा में अपराध क्रमांक 108/2026 धारा 309(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। आरोपियों की तलाश के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने दरिमा से गांधीनगर तक लगे सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाले और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। फुटेज में मिले हुलिये के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान दुर्गेश उर्फ यश ईमालिया,आकाश झारिया,निशांत नगेसिया और एक अन्य के रूप में की।
नौकरी से निकाले जाने की रंजिश में रची लूट की साजिश : पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी दुर्गेश उर्फ यश ईमालिया ने खुलासा किया कि वह पहले वेदिका पेट्रोल पम्प में काम करता था। उसने अपनी शादी के लिए पेट्रोल पम्प से बिना अनुमति 30 हजार रुपए ले लिए थे। इसकी जानकारी मिलने पर पम्प संचालक ने उसे नौकरी से निकाल दिया था। इसी रंजिश के चलते उसने अपने साथियों के साथ मिलकर पेट्रोल पम्प मैनेजर से लूट की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया।
तीन आरोपी गिरफ्तार,वाहन जब्त : पुलिस ने मामले में दुर्गेश उर्फ यश ईमालिया (22 वर्ष),आकाश झारिया (20 वर्ष),निशांत नगेसिया (20 वर्ष) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सभी ने अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG15DX5401 तथा एक्टिवा स्कूटी क्रमांक CG15EH7025 जब्त की गई है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका : पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी दरिमा निरीक्षक राजेश खलखो, थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रवीण द्विवेदी, साइबर सेल अंबिकापुर की टीम सहित सहायक उप निरीक्षक अजीत कुमार मिश्रा, प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान, विकास सिन्हा, जयदीप सिंह तथा अन्य पुलिसकर्मियों की सक्रिय भूमिका रही।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur