Breaking News

एमसीबी/खड़गवां@ बिना दस्तावेज लकड़ी परिवहन पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई

Share


लकड़ी से भरा ट्रैक्टर जब्त,मामला वन मंडल मनेंद्रगढ़ भेजा गया
एमसीबी/खड़गवां,14 मई 2026 (घटती-घटना)।
जिले के खड़गवां वन परिक्षेत्र में वन विभाग ने अवैध लकड़ी परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लकड़ी से भरे एक ट्रैक्टर को जब्त किया है। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में लकड़ी कारोबारियों के बीच हड़कंप की स्थिति बन गई है। जानकारी के अनुसार पूछताछ में सुखनंदन सिंह पिता भगवान गिदमुड़ी ने वन विभाग को बताया कि वह किसानों से लकड़ी खरीदकर ट्रैक्टर के माध्यम से गौरेला स्थित एक आरा मिल में बेचने ले जा रहा था। बताया जा रहा है कि लकड़ी गौरेला के आरा मिल संचालक मोनू महराज के मिल में ले जाई जा रही थी।
दस्तावेज मांगने पर नहीं दिखा सके अनुमति पत्र
वन विभाग की जांच के दौरान चालक से लकड़ी परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज, ट्रांजिट पास और अनुमति पत्र मांगे गए, लेकिन वह किसी भी प्रकार के दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, इसके बाद वन परिक्षेत्र अधिकारी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए लकड़ी सहित ट्रैक्टर को जब्त कर लिया, जप्त वाहन और लकड़ी को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए वन मंडल मनेंद्रगढ़ भेज दिया गया है।
किसानों से खरीदी लकड़ी का रिकॉर्ड कहां?
कार्रवाई के बाद अब कई सवाल खड़े होने लगे हैं, सूत्रों के अनुसार क्षेत्र में लंबे समय से बिना दस्तावेज लकड़ी परिवहन की शिकायतें मिल रही थीं, ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि किसानों से खरीदी गई लकड़ी का रिकॉर्ड कहां है और बिना वैध अनुमति के परिवहन आखिर कैसे किया जा रहा था? वन विभाग अब इस बात की भी जांच कर रहा है कि लकड़ी की खरीदी और परिवहन में कहीं किसी बड़े नेटवर्क की भूमिका तो नहीं है।
वन विभाग की सख्ती से कारोबारियों में मचा हड़कंप
वन विभाग की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में सक्रिय लकड़ी कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। माना जा रहा है कि विभाग आने वाले दिनों में अवैध लकड़ी परिवहन,बिना ट्रांजिट पास संचालित कारोबार और नियमों के उल्लंघन पर और सख्त अभियान चला सकता है,वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि बिना वैध दस्तावेज किसी भी प्रकार का लकड़ी परिवहन नियम विरुद्ध है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


Share

Check Also

सूरजपुर@ विश्व रक्तदाता दिवस : कलेक्टर ने किया रक्तदान 29 बार रक्तदान कर मिसाल बने महेश कुमार दोहरे

Share जिला अस्पताल में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित,जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा-संवाददाता-सूरजपुर,14 जून …

Leave a Reply