- कलेक्टर बदलते ही प्रशासनिक गलियारों में फिर तेज हुईं चर्चाएं, नई व्यवस्था पर सबकी नजर
- मत्स्य विभाग से राजस्व विभाग में दो दशक तक प्रतिनियुक्ति भी सवाल के घेरे में….

-रवि सिंह-
बैकुंठपुर/कोरिया, 13 मई 2026 (घटती-घटना)। कोरिया में कलेक्टर बदलने के साथ ही कलेक्ट्रेट में वर्षों से प्रभाव रखने वाले प्रभावशाली स्टेनो को लेकर चर्चाएं फिर तेज हो गई हैं, प्रशासनिक गलियारों में सबसे अधिक चर्चा इस बात को लेकर है कि संबंधित कर्मचारी पिछले दो दशक से भी अधिक समय से जिले में अलग-अलग अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण पदों पर बना हुआ है, हालाकि बीच में 2-3 वर्षों के लिए स्टेनो का तबादला सरगुजा किया गया था लेकिन सेटिंग के बदौलत फिर से स्टेनो ने कोरिया में अपना ट्रांसफर करा लिया, कर्मचारियों के बीच सवाल उठ रहे हैं कि आखिर ऐसा कौन सा प्रभाव और नेटवर्क है, जिसकी वजह से लंबे समय से जिम्मेदारी में बड़ा बदलाव नहीं हुआ। चर्चा यह भी है कि कई अधिकारी बदले, लेकिन स्टेनो की पकड़ कार्यालय में लगातार बनी रही।
जानकर सूत्रो का कहना है कि विगत दो दशक से भी अधिक समय से इस पद पर कार्यरत स्टेनो मध्यप्रदेश में मत्स्य विभाग के कर्मचारी थे उन्होंने एन केन प्रकार से अपनी प्रतिनियुक्ति राजस्व विभाग में कराई है लेकिन प्रतिनियुक्ति एक निश्चित अवधि के लिए होती है लंबे समय से दूसरे विभाग में प्रतिनियुक्ति पर होना कहीं ना कहीं संदेहों को जन्म देता है, क्या कारण है कि आज तक इनकी प्रतिनियुक्ति पर विभाग की भी नजर नहीं पड़ी है, जानकर कहते हैं कि स्टेनो द्वारा अपने पद और पहुँच का लाभ उठाकर दो दशक से भी अधिक समय तक प्रतिनियुक्ति का लाभ नियम को दरकिनार कर उठाया जा रहा है।
प्रदेश के कई आईएएस अधिकारियो के साथ काम करने का अनुभव बताकर ख़ुद को सुपर बताने में माहिर स्टेनो
स्टेनो मूल रूप से मत्स्य विभाग का कर्मचारी है और किसी ना किसी प्रकार से वह स्टेनो की कुर्सी पर अंगद के पैर की तरह चिपके हुए हैं, लंबे समय से एक ही पद पर बने रहने के कारण जाहिर सी बात है कई आईएएस अधिकारियों के साथ काम करने का मौका मिला है लेकिन स्टेनो द्वारा ख़ुद की तारीफ़ में इसका लाभ लेकर दुरुपयोग भी किया जाता है,ख़ुद को सुपर बताकर अधिकारियों को स्टेनो द्वारा गुमराह भी किया जाता है।
कलेक्ट्रेट का स्थायी चेहरा बनने की चर्चा
जिला मुख्यालय में लोग इसे कलेक्ट्रेट का स्थायी चेहरा तक कहने लगे हैं, कर्मचारियों के अनुसार, वर्षों में कई प्रशासनिक बदलाव हुए, लेकिन संबंधित कर्मचारी की भूमिका और पहुंच हमेशा मजबूत बनी रही, सूत्र बताते हैं कि फाइलों की आवाजाही, अधिकारियों तक पहुंच और बाहरी लोगों से संपर्क को लेकर भी लंबे समय से चर्चाएं होती रही हैं, कुछ कर्मचारी इसे अनुभव का असर बताते हैं, जबकि अन्य इसे अनौपचारिक शक्ति केंद्र के रूप में देखते हैं।
क्या नई कलेक्टर के आने के बाद बदलेगा माहौल
नई कलेक्टर के पदभार संभालने के बाद कार्यालयीन कार्यप्रणाली और अनुशासन को लेकर गंभीरता बढ़ेगी ऐसी उम्मीद है, बताया जा रहा है कि कई शाखाओं की गतिविधियों और लंबित मामलों की समीक्षा की जा रही है। इसी बीच पुराने प्रभावशाली तंत्र पर भी निगाहें टिक गई हैं, कर्मचारियों में यह चर्चा है कि अब कार्यालय में व्यक्तिगत प्रभाव की जगह नियम आधारित व्यवस्था को प्राथमिकता दी जा सकती है।
राजनीतिक और बाहरी संपर्कों की भी चर्चा
प्रशासनिक हलकों में यह भी चर्चा का विषय है कि संबंधित स्टेनो की विभिन्न राजनीतिक दलों और प्रभावशाली लोगों तक मजबूत पहुंच रही है, यही कारण है कि हर प्रशासनिक बदलाव के बाद भी उसकी स्थिति पहले जैसी बनी रही, हालांकि इन चर्चाओं की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन जिला कार्यालय में इसे लेकर लगातार कानाफूसी जारी है।
बड़ा सवाल — क्या अब होगा बदलाव?
अब सभी की नजर इस बात पर है कि नई प्रशासनिक व्यवस्था में वर्षों से जमे प्रभावशाली कर्मचारियों की भूमिका में कोई बदलाव होगा या फिर पुरानी व्यवस्था की तरह सब कुछ चलता रहेगा। कलेक्ट्रेट परिसर में फिलहाल यही चर्चा सबसे ज्यादा सुनाई दे रही है।
अधिकारियों के साथ गुटबाजी और कर्मचारियों के साथ हतोत्साहित करने वाला व्यवहार
स्टेनो टू कलेक्टर अब स्थानीय निवासी बनकर रह गए हैं, जिस शकुंतला कालोनी में पूर्व कलेक्टर ऋतु सेन ने कार्यवाही की थी उसी कालोनी में स्टेनो का आलीशान बंगला है बंगला किसी बड़े अफसर से कम नहीं, जानकर बताते हैं बंगले के भीतर अधिकारियों के बंगले जैसा साज सज्जा की गई है,स्टेनो तृतीय श्रेणी कर्मचारी हैं लेकिन हाव भाव से ख़ुद को राजपत्रित अधिकारी से कम नहीं समझते ऐसा लोगो का कहना है, यह भी बताया जाता है कि कुछ ख़ास अधिकारियो के साथ मिलकर उनके द्वारा गुटबाजी को भारी बढ़ावा दिया जाता है ऐसे भी कर्मचारी हैं जिन्हें स्टेनो द्वारा टार्गेट कर हतोत्साहित किया जाता है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur