Breaking News

अम्बिकापुर@पत्नी का आपत्तिजनक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर किया अपलोड,अपराध दर्ज

Share

अम्बिकापुर,13 मई 2026 (घटती-घटना)।पत्नी का आपत्तिजनक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में प्रसारित करने का मामला सामने आया है। पीडि़ता की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने पति के खिलाफ बीएनएस एवं आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार महिला ने कोतवाली थाना में शिकायत दर्ज कराई है कि उसका विवाह वर्ष 2013 में ईद मोहम्मद से हुआ था। पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है और करीब दो महीने से तलाक का मामला न्यायालय में विचाराधीन है। पीडि़ता ने आरोप लगाया है कि 10 मई की सुबह जब उसने इंस्टाग्राम खोला तो उसमें उसकी तस्वीरों के साथ छेड़छाड़ कर एआई तकनीक के माध्यम से बनाए गए अश्लील वीडियो पोस्ट किए गए थे। जांच करने पर पता चला कि वीडियो उसके पति की इंस्टाग्राम आईडी से अपलोड किया गया था। पीडि़ता का कहना है कि आरोपी ने उसे मानसिक रूप से प्रताडि़त करने, सामाजिक रूप से बदनाम करने और उसकी प्रतिष्ठा धूमिल करने की नीयत से यह कृत्य किया है। शाम तक वीडियो डिलीट कर दिया गया, लेकिन उसके स्क्रीनशॉट और अन्य साक्ष्य पीडि़ता ने पुलिस को सौंप दिए हैं। कोतवाली पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 77, 79, 356 तथा आईटी एक्ट की धारा 66 ई और 67 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस सोशल मीडिया अकाउंट और तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है। महिलाओं के खिलाफ साइबर अपराध और एआई तकनीक के दुरुपयोग के बढ़ते मामलों ने चिंता बढ़ा दी है। पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया का सावधानीपूर्वक उपयोग करने और किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक सामग्री सामने आने पर तत्काल शिकायत करने की अपील की है।


Share

Check Also

बैकुंठपुर/कोरिया@@खनिज शाखा का अमर लिपिक टेकचंद साहू का आदेश बदले, कुर्सी नहीं!

Share खनिज शाखा का ‘चर्चित बाबू’ आखिर किसके संरक्षण में? तबादला कागजों में, पकड़ अब …

Leave a Reply