महाविद्यालय को राष्ट्रीय स्तर का संस्थान बनाने का लक्ष्य : मनोज गुप्ता
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,12 मई 2026 (घटती-घटना)। राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में नवगठित जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष एवं सदस्यों का प्रथम परिचयात्मक बैठक और अभिनंदन समारोह मंगलवार को महाविद्यालय ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अंबिकापुर महापौर मंजूषा भगत उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुई। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अनिल कुमार सिन्हा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि वर्ष 1960 में स्थापित यह महाविद्यालय सरगुजा संभाग का सबसे बड़ा एवं एकमात्र स्वशासी महाविद्यालय है, जहां करीब 6 हजार विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। उन्होंने कहा कि बढ़ती छात्र संख्या को देखते हुए आधारभूत सुविधाओं और शैक्षणिक संसाधनों के विस्तार की आवश्यकता है। जनभागीदारी समिति के नवनियुक्त अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने कहा कि लंबे समय से समिति का गठन नहीं होने से विकास कार्य प्रभावित हो रहे थे। अब सभी सदस्यों के सहयोग से महाविद्यालय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय को प्रदेश ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर की पहचान दिलाना उनका लक्ष्य है। महापौर मंजूषा भगत ने कहा कि यह महाविद्यालय अंबिकापुर शहर की पहचान और गौरव है। यहां से शिक्षा प्राप्त कर कई लोगों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने महाविद्यालय के विकास के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम में नगर निगम पार्षद मनीष सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों की पढ़ाई में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। समारोह में जनभागीदारी समिति के सदस्य, जनप्रतिनिधि, प्राध्यापक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. उमेश कुमार पाण्डेय एवं आभार प्रदर्शन डॉ. एस.एन. पाण्डेय ने किया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur