- प्रदेश अध्यक्ष राकेश शर्मा का आतिशबाजी और फूलमालाओं से भव्य स्वागत
- अब मनेंद्रगढ़ भी लौटेगा मुख्यधारा में राकेश शर्मा बोले…संगठन को फिर मजबूत बनाने निकला हूं…
- ऑनलाइन दवा व्यापार के खिलाफ केमिस्टों की हुंकार,20 तारीख को प्रदेश व्यापी बंद का ऐलान,व्यापारियों से सहयोग की अपील
- नशा मुक्त समाज के लिए ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति,बिना पर्ची प्रतिबंधित दवा बेचने वालों को प्रदेश अध्यक्ष की दो टूक चेतावनी
-राजन पाण्डेय-
बैकुंठपुर/कोरिया,12 मई 2026 (घटती-घटना)। छत्तीसगढ़ केमिस्ट एवं डिस्ट्रीब्यूटर एसोसिएशन के चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के बाद नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष राकेश शर्मा का प्रथम कोरिया आगमन बेहद भव्य और उत्साहपूर्ण रहा। जिले के दवा विक्रेताओं और व्यापारियों ने आतिशबाजी, फूलमालाओं और जोरदार स्वागत के साथ अपने नए नेतृत्व का अभिनंदन किया, कार्यक्रम के दौरान संगठन की मजबूती, ऑनलाइन दवा व्यापार के विरोध, नशा मुक्त समाज और केमिस्ट परिवारों के हितों को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गईं। प्रदेश अध्यक्ष राकेश शर्मा ने अपने दौरे की शुरुआत प्रेमाबाग मंदिर में दर्शन-पूजन से की,इसके बाद दवा विक्रेताओं के साथ सौजन्य मुलाकात और एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, बैठक में उन्होंने अपनी जीत का श्रेय अंबिकापुर और बिलासपुर संभाग के दवा व्यापारियों के विश्वास और समर्थन को दिया।
संगठन विस्तार पर बड़ा ऐलान
राकेश शर्मा ने स्पष्ट कहा कि उनका उद्देश्य केवल पद संभालना नहीं बल्कि संगठन को मजबूत और एकजुट बनाना है,उन्होंने घोषणा करते हुए कहा कि जो जिले किसी कारणवश संगठन की मुख्यधारा से अलग हो गए थे, उन्हें दोबारा जोड़ा जाएगा, इसी क्रम में मनेंद्रगढ़ जिले को भी जल्द ही संगठन की मुख्यधारा में शामिल किया जाएगा, उन्होंने कोरिया जिले के दवा व्यापारियों को बड़ी सौगात देते हुए कहा कि आगामी चुनावों में जिले के वोटिंग राइट्स 10 से बढ़ाकर 25 किए जाएंगे, ताकि जिले की भागीदारी और प्रतिनिधित्व मजबूत हो सके।
ऑनलाइन दवा व्यापार के खिलाफ बड़ा आंदोलन
प्रदेश अध्यक्ष ने ऑनलाइन दवा व्यापार को मेडिकल व्यवसाय के लिए बड़ा खतरा बताते हुए उसके खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराया,उन्होंने घोषणा की कि 20 तारीख को पूरे प्रदेश में ऑनलाइन दवा विक्रय के विरोध में प्रदेश व्यापी बंद रखा जाएगा, उन्होंने सभी दवा व्यापारियों से इस बंद को सफल बनाने की अपील करते हुए कहा कि यह लड़ाई केवल व्यापार की नहीं बल्कि मरीजों की सुरक्षा और व्यवस्थित दवा व्यवस्था की भी है।
नशा मुक्त समाज के लिए सख्त संदेश
बैठक के दौरान राकेश शर्मा ने नशा मुक्त समाज के निर्माण में मेडिकल व्यापारियों की जिम्मेदारी पर विशेष जोर दिया,उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी मेडिकल स्टोर संचालक बिना वैध चिकित्सकीय पर्ची के प्रतिबंधित दवाइयों का विक्रय न करे, उन्होंने कहा कि शासन के नियमों और मापदंडों का सख्ती से पालन किया जाए तथा प्रशासन को हर संभव सहयोग प्रदान किया जाए।
केमिस्ट परिवारों के लिए नई सुविधाएं
प्रदेश अध्यक्ष ने केमिस्ट परिवारों के हित में दो महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं, उन्होंने बताया कि रायपुर स्थित केमिस्ट भवन का जीर्णोद्धार पूरा हो चुका है और अब प्रदेश का कोई भी केमिस्ट रायपुर जाने पर वहां निःशुल्क ठहर सकेगा, इसके अलावा उन्होंने जानकारी दी कि संघ की अनुशंसा पर एमएमआई अस्पताल में केमिस्ट परिवारों को इलाज के दौरान विशेष डिस्काउंट सुविधा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी जल्द पूरी की जाएगी, कार्यक्रम में जिले के बड़ी संख्या में दवा विक्रेता, संघ पदाधिकारी और व्यापारी मौजूद रहे। सभी ने प्रदेश नेतृत्व के प्रति अपना समर्थन व्यक्त करते हुए संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur