Breaking News

अम्बिकापुर@अंबिकापुर की बिजली व्यवस्था सुधारने एक्शन मोड में महापौर

Share


अंडरग्राउंड लाइन,नए ट्रांसफार्मर और सब-स्टेशन पर हुई चर्चा
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,12 मई 2026 (घटती-घटना)। शहर में बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने और लगातार बढ़ती आबादी के बीच भविष्य की जरूरतों को देखते हुए महापौर मंजूषा भगत ने मंगलवार को विद्युत विभाग के अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में अंडरग्राउंड विद्युतीकरण,नए ट्रांसफार्मर लगाने, जर्जर पोल और केबल बदलने सहित नए विद्युत उपकेंद्र स्थापित करने पर विस्तृत चर्चा हुई।
गांधी चौक से महामाया चौक
तक अंडरग्राउंड विद्युतीकरण

बैठक में गांधी चौक से महामाया चौक, सदर रोड और देवीगंज रोड तक प्रस्तावित अंडरग्राउंड विद्युतीकरण कार्य की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि इन मार्गों से पुराने बिजली खंभे और ट्रांसफार्मर हटाए जाएंगे। महापौर ने निर्देश दिए कि सड़क डामरीकरण कार्य को ध्यान में रखते हुए नगर निगम और बिजली विभाग समन्वय बनाकर काम करें।

जर्जर पोल और खराब केबल बदलने के निर्देश
महापौर ने मुख्यमंत्री विद्युतीकरण योजना के तहत नई कॉलोनियों और बस्तियों में शीघ्र विद्युतीकरण करने को कहा। साथ ही सड़कों में बाधक और क्षतिग्रस्त पोल हटाने, खराब केबल बदलने तथा लंबे समय से बंद स्ट्रीट लाइटों को तत्काल सुधारने के निर्देश दिए।
बिजली कटौती कम करने पर जोर
महापौर ने कहा कि शहरवासियों को बार-बार बिजली कटौती की परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए मेंटेनेंस कार्य तेजी से किया जाए। भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने और असुरक्षित ट्रांसफार्मरों की शिफ्टिंग करने को भी कहा गया।
पानी सप्लाई प्रभावित न
हो,इसके लिए विशेष व्यवस्था

बैठक में तकिया और कतकालो स्थित पानी फिल्टर प्लांटों की बिजली व्यवस्था का मुद्दा भी उठा। महापौर ने अधिकारियों से कहा कि इन क्षेत्रों में बिजली बंद होने से शहर की पेयजल व्यवस्था प्रभावित होती है, इसलिए यहां निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
शहर में बनेंगे नए विद्युत उपकेंद्र
शहर के लगातार विस्तार को देखते हुए अतिरिक्त 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र स्थापित करने का प्रस्ताव रखा गया। इसके लिए गंगापुर वार्ड, पुराना बस स्टैंड, गहीरागुरु वार्ड (मठपारा) और महामाया पहाड़ (घूटरापारा) क्षेत्र में जमीन उपलब्ध कराने की मांग की गई। वहीं अजीरमा रेलवे स्टेशन के पास बीज भंडार क्षेत्र में भूमि मिलने के बाद वहां जल्द विद्युत उपकेंद्र कार्यालय शुरू करने की जानकारी अधिकारियों ने दी।


Share

Check Also

माँ के मुआवजे के पैसों को लेकर विवाद,बेटे ने लोढ़ा मारकर की हत्या

Share लटोरी पुलिस ने आरोपी पुत्र को 48 घंटे के भीतर किया गिरफ्तारसूरजपुर,12 मई 2026 …

Leave a Reply