जशपुरनगर,10 मई 2026 (घटती-घटना)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जिलेभर में आयोजित सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत ग्राम पंचायत खरसोता में स्वच्छता, जनभागीदारी और आपसी समन्वय को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान स्वच्छता श्रमदान कार्यक्रम एवं सद्भावना क्रिकेट मैच का आयोजन आकर्षण का केंद्र रहा। ग्राम पंचायत खरसोता में आयोजित स्वच्छता श्रमदान कार्यक्रम में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत मनोरा, विकासखंड स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी, ग्राम पंचायत के सरपंच, पंचगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन शामिल हुए। सभी ने सामूहिक रूप से गांव में साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। श्रमदान के माध्यम से सार्वजनिक स्थलों की सफाई की गई तथा ग्रामीणों को स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए जागरूक किया गया।अधिकारियों ने कहा कि सुशासन तिहार केवल समस्याओं के निराकरण का अभियान नहीं, बल्कि जनसहभागिता और सामाजिक जागरूकता को मजबूत करने का माध्यम भी है। स्वच्छता अभियान में ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी से गांव में सकारात्मक वातावरण देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान ग्राम खरसोता में सद्भावना क्रिकेट मैच का भी आयोजन किया गया। यह मैच पंचायत विभाग और शिक्षा विभाग की टीमों के बीच खेला गया। दोनों टीमों के खिलाडि़यों ने उत्साहपूर्वक खेल का प्रदर्शन किया, वहीं ग्रामीणों ने भी मैच का आनंद लेते हुए खिलाडि़यों का उत्साहवर्धन किया। रोमांचक मुकाबले में पंचायत विभाग की टीम विजेता रही।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur