
बंग समाज कल्याण समिति के आयोजन में रविंद्र संगीत और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां…
अम्बिकापुर,10 मई 2026 (घटती-घटना)। रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती के अवसर पर नेताजी बंग समाज कल्याण समिति द्वारा मधुर मिलन, भगवानपुर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ गुरुदेव के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। तत्पश्चात अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं बैच लगाकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि लक्ष्मी राजवाड़े, महिला एवं बाल विकास मंत्री,छत्तीसगढ़ शासन ने गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की कविताओं के अंश मूल बांग्ला भाषा में प्रस्तुत करते हुए उनके साहित्य,रचनाओं एवं बंगाली समाज की सांस्कृतिक परंपराओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने समाज द्वारा संस्कृति संरक्षण के प्रयासों की सराहना की। विशिष्ट अतिथि चिंतामणि महाराज सांसद ने बांग्ला भाषा में सभी को गुरुदेव जयंती की शुभकामनाएं देते हुए टैगोर के जीवन,राष्ट्रगान की रचना, नोबेल पुरस्कार,गीतांजलि एवं अन्य साहित्यिक कृतियों पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने सनातन परंपरा में बंगाली समाज की समर्पित भूमिका की प्रशंसा की। समिति के अध्यक्ष दिलीप धर ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में बंगाली समाज की गौरवशाली परंपरा,भाषा,साहित्य एवं कला के संरक्षण और संवर्धन पर बल दिया। उन्होंने कहा कि गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर के आदर्शों एवं रचनाओं का अध्ययन समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। इस अवसर पर कुलदीप सिंह कथुर ने शांति निकेतन में अध्ययन के अनुभव साझा किए। दिलीप कुमार विश्वास ने गुरुदेव के बचपन, परिवार, नोबेल पुरस्कार एवं राष्ट्रगान की रचना से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रस्तुत कीं। गोसाई ने समाज में एकता एवं शिक्षा के क्षेत्र में गुरुदेव के विचारों को अपनाने की आवश्यकता बताई। शिल्पा पांडे ने महिला शिक्षा एवं टैगोर के विचारों पर अपने विचार व्यक्त किए। वहीं नूतन विश्वास ने कहा कि रविंद्र संगीत प्रत्येक घर तक पहुंचना चाहिए। कार्यक्रम का संचालन सुनीता दास एवं लिली बसुराय ने किया। उपस्थित अतिथियों एवं कलाकारों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से आद्या महिला बंग की अध्यक्ष, समाज की अन्य सदस्य,श्रुति मुखर्जी,अंजू सरकार सहित कृष्ण मंडल,गौरांग मंडल, सुनील विश्वास,विजय अधिकारी,श्यामल समद्दार,धीरज मंडल,गणेश मंडल,सुभाष नंदी,कल्पना दास,तरुण बनीक,सुजीत कुमार सुतार, निरंजन विश्वास, विजय राय, सुदामा सरकार,आशीष शील,दीपेश धर,राकेश गुहा, कार्तिक माझी,संजीत मंडल उपस्थित रहे।
सांस्कृतिक कार्यक्रम की आकर्षक प्रस्तुति
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिमांगी त्रिपाठी, भानु प्रकाश मुखर्जी,जय किशन विश्वास, मोनालिका सोनी,सीमा खानवलकर, शिल्पी,अनुकूल समद्दार,सीमा अधिकारी, संचित रानी धर,इशिता पाल,आतिशी मुखर्जी एवं पावी हालदार ने रविंद्र संगीत एवं गीतांजलि की कविताओं का पाठ प्रस्तुत किया। रविंद्र संगीत की धुन पर सामूहिक एवं एकल नृत्य प्रस्तुतियों में प्रगति विश्वास,प्रतीक विश्वास,खुशी सरकार,पूनम हालदार,अंकित विश्वास, बबली मजूमदार एवं निधिवी समूह ने आकर्षक प्रस्तुति दी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur