- SECL क्षेत्र के हजारों परिवारों को बड़ी राहत,अब CSPDCL से मिलेगी नियमित बिजली…
- कोयले की नगरी अब होगी सचमुच रोशन,चिरमिरी को मिली सरकारी बिजली की सौगात
- मुख्यमंत्री साय के संकल्प से चिरमिरी में ‘रोशनी की आज़ादी’, हर वार्ड तक पहुंचेगी बिजली
- जिस धरती ने देश को रोशन किया, अब वही चिरमिरी खुद होगी जगमग…
- 53.57 करोड़ की ऐतिहासिक परियोजना से चिरमिरी में शुरू होगा विकास का नया दौर
- चिरमिरी में विकास की नई रोशनी,हर घर तक पहुंचेगा सरकारी बिजली
- साय सरकार का बड़ा फैसला : चिरमिरी के सभी वार्डों में बिछेगा सरकारी बिजली नेटवर्क
-रवि सिंह-
चिरमिरी,10 मई 2026 (घटती-घटना)। देश को कोयले से रोशन करने वाली धरती चिरमिरी अब खुद रोशनी की नई इबारत लिखने जा रही है,आज़ादी के बाद से लेकर अब तक एस.ई.सी.एल. क्षेत्र के आसपास बसे हजारों परिवार सरकारी बिजली सुविधा से वंचित रहे,पीढि़यां बीत गईं,सरकारें बदलती रहीं,योजनाएं आती-जाती रहीं,लेकिन चिरमिरी के कई वार्डों में रहने वाले लोगों के घरों तक छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी की नियमित सरकारी बिजली कभी नहीं पहुंच सकी। अब 75 वर्षों बाद वह ऐतिहासिक क्षण आने जा रहा है, जब चिरमिरी नगर निगम क्षेत्र के सभी वार्ड सरकारी बिजली नेटवर्क से जुड़ेंगे,मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के संकल्प और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जयसवाल के लगातार प्रयासों से यह बहुप्रतीक्षित सपना अब धरातल पर उतरने जा रहा है।
कोयले की नगरी,
लेकिन अंधेरे में जीवन
चिरमिरी को देशभर में कोयला नगरी के रूप में जाना जाता है,यहां की खदानों से निकला कोयला दशकों से उद्योगों,बिजलीघरों और शहरों को ऊर्जा देता रहा है। विडंबना यह रही कि जिस क्षेत्र ने पूरे देश को रोशन किया,उसी क्षेत्र के हजारों लोग बुनियादी बिजली सुविधा के लिए संघर्ष करते रहे,एसईसीएल क्षेत्र के आसपास बसे डोमनहिल,गेल्हापानी,कोरिया कॉलरी,पोड़ी और अन्य वार्डों में रहने वाले लोगों की जिंदगी खदान प्रबंधन की पुरानी विद्युत व्यवस्था पर निर्भर थी,यह बिजली व्यवस्था अक्सर बाधित रहती थी, कई बार घंटों तक बिजली गुल रहती, जिससे बच्चों की पढ़ाई,व्यापार,घरेलू कामकाज और स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होती थीं,स्थानीय नागरिकों का कहना था कि वर्षों से वे यह सवाल पूछते रहे कि आखिर सरकारी बिजली उनके घरों तक क्यों नहीं पहुंच रही, लेकिन हर बार उन्हें सिर्फ आश्वासन ही मिला।
53.57 करोड़ की
परियोजना से बदलेगी तस्वीर
राज्य शासन ने अब इस दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री शहरी विद्युतीकरण योजना के तहत 30 मार्च 2026 को 53.08 करोड़ की राशि स्वीकृत कर दी है, पूर्व में उपलब्ध 0.49 करोड़ की राशि को मिलाकर कुल 53.57 करोड़ की लागत से चिरमिरी में विद्युत अधोसंरचना विकास कार्य शुरू किया जाएगा, 8 मई 2026 को जारी आदेश के अनुसार वर्ष 2026-27 में इस परियोजना का कार्य प्रारंभ होगा,इसके अंतर्गत नए विद्युत पोल, ट्रांसफॉर्मर, केबल लाइन और वितरण नेटवर्क तैयार किए जाएंगे, जिससे पूरे नगर निगम क्षेत्र में छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी की नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हो सके, जानकारों के अनुसार यह परियोजना केवल बिजली व्यवस्था तक सीमित नहीं होगी, बल्कि इससे पूरे क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।
बदलेगा जीवन स्तर, बढ़ेगी सुविधाएं : विशेषज्ञों का मानना है कि स्थायी सरकारी बिजली व्यवस्था शुरू होने के बाद चिरमिरी क्षेत्र में जीवन स्तर में बड़ा सुधार आएगा, नियमित बिजली मिलने से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होगी,छोटे व्यवसाय और दुकानों को लाभ मिलेगा,घरेलू उपकरण सुचारु रूप से चल सकेंगे,स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार होगा,पेयजल आपूर्ति व्यवस्था बेहतर होगी, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी,इसके अलावा भविष्य में नए निवेश और विकास कार्यों की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।
इतिहास में दर्ज होगा यह दिन
चिरमिरी के बुजुर्ग बताते हैं कि उन्होंने अपने जीवन में कई सरकारें देखीं, लेकिन सरकारी बिजली का सपना हमेशा अधूरा ही रहा,अब पहली बार ऐसा लग रहा है कि आने वाली पीढि़यां उस परेशानी को नहीं झेलेंगी जो दशकों से लोग सहते आए हैं, जिस धरती ने देश को ऊर्जा दी, अब वही धरती खुद विकास और रोशनी के नए दौर में प्रवेश करने जा रही है, 53 करोड़ से अधिक की यह परियोजना केवल अधोसंरचना निर्माण नहीं, बल्कि चिरमिरी के आत्मसम्मान और अधिकार से जुड़ा ऐतिहासिक कदम मानी जा रही है,आज चिरमिरी की आंखों में जो चमक दिखाई दे रही है,वह केवल बिजली के बल्बों की नहीं, बल्कि वर्षों बाद पूरी हुई उम्मीदों की रोशनी है।
मुख्यमंत्री की घोषणा बनी उम्मीद की किरण
09 दिसंबर 2024 को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के प्रवास के दौरान पहली बार इस मुद्दे पर बड़ा ऐलान हुआ, नगर निगम चिरमिरी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के माध्यम से पूरे क्षेत्र में सरकारी बिजली आपूर्ति की घोषणा की, उस समय यह घोषणा केवल एक सरकारी घोषणा नहीं थी,बल्कि हजारों परिवारों के लिए उम्मीद की नई रोशनी थी, वर्षों से उपेक्षित क्षेत्र के लोगों को पहली बार लगा कि शायद अब उनका सपना सच हो सकेगा,मुख्यमंत्री ने उस दौरान कहा था कि प्रदेश के किसी भी नागरिक को बुनियादी सुविधाओं से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा और चिरमिरी में सरकारी बिजली पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता होगी।
हर घर तक पहुंचेगी सरकारी बिजली
परियोजना पूरी होने के बाद चिरमिरी नगर निगम क्षेत्र के सभी वार्ड सीधे छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी नेटवर्क से जुड़ जाएंगे, इससे लोगों को नियमित और स्थायी बिजली सुविधा मिलेगी, स्थानीय नागरिकों का कहना है कि वर्तमान में खदान क्षेत्र की बिजली व्यवस्था पर निर्भरता के कारण आए दिन तकनीकी समस्याएं सामने आती थीं, कई क्षेत्रों में लो-वोल्टेज और बार-बार बिजली कटौती आम बात थी, अब सरकारी नेटवर्क बनने से लोगों को राहत मिलेगी, घरों में बिजली उपकरण बेहतर तरीके से चल सकेंगे, विद्यार्थियों को पढ़ाई में सुविधा होगी और छोटे व्यापारियों को भी बड़ा लाभ मिलेगा।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने जताया आभार
क्षेत्रीय विधायक एवं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह केवल बिजली परियोजना नहीं, बल्कि चिरमिरी की जनता को उनका वर्षों पुराना अधिकार दिलाने जैसा है, उन्होंने कहा कि आज़ादी के बाद से जो सपना अधूरा था, वह अब पूरा होने जा रहा है, मुख्यमंत्री की दूरदृष्टि और संवेदनशीलता के कारण यह ऐतिहासिक कार्य संभव हो पाया है, स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि चिरमिरी के लोगों ने वर्षों तक समस्याओं का सामना किया है, लेकिन अब क्षेत्र तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है और यह परियोजना उस बदलाव का सबसे बड़ा प्रतीक बनेगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur