-संवाददाता-
अम्बिकापुर,09 मई 2026 (घटती-घटना)। आसान कमाई और कमीशन के लालच में अपने बैंक खाते साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराना शहर के 10 युवकों को भारी पड़ गया। गांधीनगर पुलिस ने साइबर ठगी से जुड़े मामले में कार्रवाई करते हुए 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी ऑनलाइन फ्रॉड की रकम अपने खातों में लेकर एटीएम और सीडीएम मशीन के जरिए दूसरे खातों में ट्रांसफर करते थे। गांधीनगर थाना में ग्राम पंचायत सकालो चाना निवासी सुजीत मंडल की शिकायत पर अपराध क्रमांक 649/2025 धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान पहले अनीश गिरी, सद्दाम आलम और वर्षा सिंह पोर्ते को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में कई अन्य युवकों के नाम सामने आए, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज की। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी कुछ पैसों और कमीशन के बदले अपने बैंक खाते साइबर अपराधियों को उपयोग करने देते थे। खातों में ऑनलाइन ठगी और गेमिंग से जुड़ी रकम जमा होती थी, जिसे आरोपी एटीएम से निकालकर या सीडीएम मशीन के जरिए अन्य खातों में जमा करते थे। पुलिस ने 10 युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की,जहां सभी ने अपराध में शामिल होने की बात स्वीकार की। आरोपियों के कब्जे से 10 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। बैंक खातों की जांच में यह भी पता चला कि अन्य राज्यों में भी इन खातों के खिलाफ शिकायतें और अपराध दर्ज हैं। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
साइबर अपराधियों के ‘म्यूल अकाउंट’ बने युवक : पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी अपने बैंक खातों को ‘म्यूल अकाउंट’ की तरह इस्तेमाल करने दे रहे थे। साइबर अपराधी ऐसे खातों का उपयोग ठगी की रकम छिपाने और एक खाते से दूसरे खाते में ट्रांसफर करने के लिए करते हैं।
पुलिस की अपील : लालच से बचें, खाते और सिम किसी को न दें : सरगुजा पुलिस ने आम नागरिकों, खासकर युवाओं और अभिभावकों से अपील की है कि वे किसी भी लालच या फर्जी ऑफर के झांसे में न आएं। अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, सिम कार्ड, ओटीपी, यूपीआई पिन और पासवर्ड किसी अन्य व्यक्ति के साथ साझा न करें। पुलिस ने कहा कि ‘घर बैठे कमाई ‘, ‘कम समय में ज्यादा मुनाफा’ और ‘आसान ऑनलाइन इनकम’ जैसे ऑफर साइबर ठगी का हिस्सा हो सकते हैं।
थोड़े से लालच में आकर किया गया काम बड़ी कानूनी परेशानी और सजा का कारण बन सकता है। प्रकरण की कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण द्विवेदी,प्रधान आरक्षक सुधीर सिंह,आरक्षक अमृत सिंह, अरविंद उपाध्याय,ऋषभ सिंह तथा साइबर थाना के प्रवीण प्रताप सिंह और विकास तिर्की की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur