Breaking News

अम्बिकापुर@सुशासन तिहार में उमड़ा जनसैलाब…गांव-गांव पहुंचा प्रशासन

Share


घोघरा और झेराडीह शिविर में सैकड़ों आवेदनों का निराकरण,सांसद-विधायकों ने अधिकारियों को दिए निर्देश


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,09 मई 2026 (घटती-घटना)। जिले में चल रहे ‘सुशासन तिहार-2026’ के तहत शनिवार को बतौली विकासखंड के घोघरा और लुण्ड्रा विकासखंड के झेराडीह में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और अपनी समस्याओं व मांगों से जुड़े आवेदन प्रशासन को सौंपे। प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर कई समस्याओं का निराकरण किया, वहीं शेष आवेदनों को संबंधित विभागों को भेजा गया। शिविरों में सांसद चिंतामणि महाराज,सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो,लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज, संभागायुक्त नरेंद्र दुग्गा और कलेक्टर अजीत वसंत सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं की जानकारी ली और अधिकारियों को समयसीमा में समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए।
घोघरा शिविर में पहुंचे 14 पंचायतों के ग्रामीण : बतौली विकासखंड के घोघरा स्थित माध्यमिक शाला परिसर में आयोजित शिविर में 14 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण शामिल हुए। घोघरा, मानपुर, शिवपुर,टेड़गा,सल्याडीह, बांसाझाल, टीरंग, बोदा, बिलासपुर, घुटरापारा, तरागी, ललाती, पोपरेंगा और सिलमा पंचायतों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। शिविर में विभिन्न विभागों ने योजनाओं की जानकारी दी और पात्र हितग्राहियों को लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। यहां कुल 738 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 730 मांग और 8 शिकायत संबंधी थे। प्रशासन ने मौके पर 115 आवेदनों का निराकरण किया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को भेजा गया।
झेराडीह में भी लगा समाधान शिविर : लुण्ड्रा विकासखंड के झेराडीह स्थित प्राथमिक शाला और पंचायत भवन परिसर में भी जनसमस्या निवारण शिविर लगाया गया। शिविर में झेराडीह, बरगीडीह, गढ़बीरा, सिलसिला, लमगांव, असकला, कोट, गंगापुर, गेरसा, जरहाडीह, महोरा और ससौली सहित 20 पंचायतों के ग्रामीण शामिल हुए। ग्रामीणों ने राजस्व,पेयजल, बिजली, पेंशन, राशन कार्ड और अन्य समस्याओं से जुड़े आवेदन दिए। अधिकारियों ने गंभीरता से सुनवाई कर कई मामलों का तत्काल समाधान किया।
29 विभागों के स्टॉल बने आकर्षण का केंद्र : शिविरों में कृषि, उद्यानिकी, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, पंचायत, राजस्व और ग्रामीण विकास सहित 29 से अधिक विभागों के स्टॉल लगाए गए। अधिकारियों ने ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। कई पात्र हितग्राहियों से आवेदन भी भरवाए गए। राशन कार्ड, पेंशन और राजस्व अभिलेखों से जुड़े कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया।
बिजली बिल और पेयजल समस्या पर सांसद सख्त
सांसद चिंतामणि महाराज ने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से प्रशासन खुद गांवों तक पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुन रहा है। उन्होंने अधिकारियों को नामांकन, सीमांकन और बंटवारे जैसे अविवादित राजस्व प्रकरणों का जल्द निराकरण करने के निर्देश दिए। सांसद ने ग्रामीणों की बिजली बिल संबंधी शिकायतों पर जांच कर समाधान करने और पात्र हितग्राहियों को मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना का लाभ दिलाने को कहा। इसके अलावा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को खराब बोरिंग और बोरवेल की मरम्मत कर पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। श्रम विभाग को श्रमिक पंजीयन बढ़ाने और किसानों के किसान क्रेडिट कार्ड बनाने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
10 जून तक चलेगा अभियान
सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने ग्रामीणों से शिविरों का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की। वहीं लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर सुशासन तिहार आम जनता की समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बन रहा है। संभागायुक्त नरेंद्र दुग्गा ने कहा कि शिविरों का उद्देश्य लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए कार्यालयों के चक्कर से बचाना है। उन्होंने अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों के निराकरण की सूचना संबंधित आवेदकों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। कलेक्टर अजीत वसंत ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार प्रशासन गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रहा है। यह अभियान 10 जून तक लगातार जारी रहेगा और सभी आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@भाजपा सरगुजा में नई जिम्मेदारियों का ऐलान,कार्यकर्ताओं में उत्साह

Share जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने नव नियुक्त पदाधिकारियों को दी बधाई,संगठन विस्तार और जनसंपर्क …

Leave a Reply