Breaking News

सूरजपुर@पंचमुखी दक्षिणमुखी हनुमान जी की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न

Share


राम गमन परिपथ मां रेणुका नदी तट स्थित पचिरा धाम में पांच दिवसीय धार्मिक आयोजन में उमड़ा आस्था का सैलाब


सूरजपुर 09 मई 2026 (घटती-घटना)। सूरजपुर के ग्राम पचिरा में राम गमन परिपथ मां रेणुका नदी के पावन तट पर स्थित शिव मंदिर परिसर में नवनिर्मित हनुमान मंदिर में पंचमुखी दक्षिणमुखी हनुमान जी की पांच दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हो गया, पूरे आयोजन के दौरान क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा और दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने धार्मिक अनुष्ठान में भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया।
प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का संचालन मुख्य आचार्य बालकिशुन गर्ग के मार्गदर्शन में उनकी पांच सदस्यीय विद्वान आचार्य टीम द्वारा वैदिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराया गया, आयोजन के दौरान प्रतिदिन प्रातःकालीन पूजन, हवन, यज्ञ एवं धार्मिक अनुष्ठानों का क्रम चलता रहा, सायंकालीन बेला में मौनी बाबा विश्रामपुर द्वारा धार्मिक प्रवचन प्रस्तुत किए गए, जिनमें धर्म, संस्कार, मानव जीवन और भक्ति की महत्ता पर विस्तृत प्रकाश डाला गया, उनके प्रवचनों से पूरा वातावरण भक्ति रस से सराबोर हो उठता था और श्रद्धालु देर रात तक कथा एवं भजन में लीन रहते थे।
आसपास के गांवों से उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़- आयोजन में ग्राम पचिरा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों, विश्रामपुर और सूरजपुर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे, पांच दिनों तक मंदिर परिसर में भक्तों की लगातार भीड़ बनी रही, महिलाएं, बुजुर्ग, युवा और बच्चे सभी धार्मिक आयोजनों में उत्साहपूर्वक शामिल हुए। भजन-कीर्तन, आरती और धार्मिक अनुष्ठानों ने पूरे क्षेत्र को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।
धार्मिक आयोजन से बढ़ी आस्था और सामाजिक जागरूकता- आयोजन के दौरान केवल धार्मिक अनुष्ठान ही नहीं हुए, बल्कि समाज में सकारात्मक संदेश भी दिया गया, प्रवचनों और धार्मिक वातावरण से प्रभावित होकर कई लोगों ने नशा और अन्य गलत व्यसनों को त्यागने का संकल्प लिया, ग्रामीणों का कहना था कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में आध्यात्मिक चेतना बढ़ती है और लोगों को संस्कार एवं नैतिकता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा मिलती है।
जनसहयोग से हुआ भव्य आयोजन- पंचमुखी दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर निर्माण से लेकर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम तक स्थानीय ग्रामीणों सहित आसपास के गांवों और शहरों के श्रद्धालुओं का भरपूर सहयोग प्राप्त हुआ, श्रद्धालुओं ने तन, मन और धन से योगदान देकर आयोजन को सफल बनाया। पूरे कार्यक्रम में सेवा भावना और सामूहिक सहभागिता का विशेष माहौल देखने को मिला।
इन लोगों की रही विशेष भूमिका- इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में सुदर्शन रजवाड़े, श्यामजीत रजवाड़े, बिहारी लाल, कुलदीप, मनोज कुमार पाण्डेय, श्याम नारायण राजवाड़े, मुलेश्वर प्रसाद राजवाड़े, जीत वाहन राजवाड़े, गीता प्रसाद राजवाड़े, आर.पी. राजवाड़े, अम्बिकेश्वर राजवाड़े, दिनेश राजवाड़े, सुमंत राजवाड़े, टाकेश राजवाड़े, शंकर राम, मुजन राम, रामबली यादव, मातृ शक्ति, युवा शक्ति, पूर्व सरपंच जीतराम मिंज, लाल बहादुर यादव, बरे लाल सहित समस्त ग्राम पचिरावासियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही, साथ ही साधु-संतों एवं श्रद्धालुओं के सहयोग से पूरा आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@ पीटीएस मैनपाट में 83 नवआरक्षकों का दीक्षांत समारोह संपन्न

Share आईजी दीपक कुमार झा ने ली परेड की सलामी,कर्तव्यनिष्ठा का दिलाया संकल्पअम्बिकापुर,25 मई 2026 …

Leave a Reply