12 सहायक उपनिरीक्षकों का अस्थायी स्थानांतरण, कई चौकियों और थानों में बदली जिम्मेदारी
प्रशासनिक कसावट की कवायद या पुलिसिंग में नई रणनीति? एसपी कार्यालय का बड़ा आदेश जारी
सूरजपुर 09 मई 2026 (घटती-घटना)। सूरजपुर जिले के पुलिस विभाग में एक बार फिर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है, पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी आदेश में जिले के 12 सहायक उपनिरीक्षकों (स.उ.नि.) का अग्रिम आदेश तक अस्थायी स्थानांतरण कर नई पदस्थापना दी गई है, आदेश जारी होते ही पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई और संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई जगह पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश जारी कर दिए गए, इस फेरबदल को जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने, कार्यप्रणाली में कसावट लाने और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिसिंग को प्रभावी बनाने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।
सलका, करंजी और रेवटी में बदले चौकी प्रभारी, कई महत्वपूर्ण चौकियों में नई जिम्मेदारी- जारी आदेश के अनुसार चौकी स्तर पर कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं, स.उ.नि. संजय यादव को चौकी प्रभारी सलका से हटाकर थाना झिलमिली भेजा गया है, वहीं स.उ.नि.गुड्डू कुशवाहा को थाना विश्रामपुर से चौकी प्रभारी सलका की जिम्मेदारी सौंपी गई है, इसी तरह स.उ.नि. संतोष सिंह को चौकी प्रभारी करंजी से हटाकर चौकी प्रभारी रेवटी बनाया गया है, जबकि स.उ.नि.विशाल मिश्रा को थाना विश्रामपुर से चौकी प्रभारी करंजी पदस्थ किया गया है, स.उ.नि. कृष्ण कुमार सिंह को चौकी प्रभारी रेवटी से रक्षित केंद्र सूरजपुर भेजा गया है।
विश्रामपुर थाना बना फेरबदल का केंद्र, कई अधिकारियों की नई पदस्थापना– इस स्थानांतरण सूची में थाना विश्रामपुर सबसे अधिक प्रभावित दिखाई दे रहा है, यहां कई अधिकारियों की नई पदस्थापना की गई है, स.उ.नि. अशोक साहू को रक्षित केंद्र सूरजपुर से थाना विश्रामपुर भेजा गया है, स.उ.नि. हरिशंकर तिवारी को थाना प्रतापपुर से थाना विश्रामपुर स्थानांतरित किया गया है, स.उ.नि. नंदलाल को थाना भटगांव से थाना विश्रामपुर पदस्थ किया गया है, लगातार बढ़ती गतिविधियों और संवेदनशील मामलों को देखते हुए विश्रामपुर थाना क्षेत्र में अतिरिक्त अनुभवी अधिकारियों की तैनाती को अहम माना जा रहा है।भटगांव, प्रेमनगर और चंदौरा में भी बदलाव- स.उ.नि. विवेकानंद सिंह को रक्षित केंद्र सूरजपुर से थाना भटगांव भेजा गया है, स.उ.नि. सीप्रियन टोप्पो को थाना रामानुजनगर से थाना प्रेमनगर स्थानांतरित किया गया है, स.उ.नि. विनोद कुमार को चौकी रेवटी से थाना चंदौरा भेजा गया है, स.उ.नि. मानिक चंद को चौकी लटोरी से थाना भटगांव पदस्थ किया गया है।
तत्काल रवानगी के निर्देश, नई जगह पर तुरंत संभालना होगा कार्यभार– पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त कर नई पदस्थापना स्थल पर रवानगी दी जाए, साथ ही निर्देशित किया गया है कि अधिकारी जल्द से जल्द नई जगह पर कार्यभार ग्रहण करना सुनिश्चित करें।प्रशासनिक कसावट की दिशा में बड़ा कदम- पुलिस विभाग के इस फेरबदल को सामान्य तबादले से ज्यादा प्रशासनिक रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है, जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और क्षेत्रीय पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने के लिए समय-समय पर इस तरह के बदलाव किए जाते रहे हैं, जानकारों का मानना है कि जिन क्षेत्रों में लगातार शिकायतें, अपराध गतिविधियां या प्रशासनिक दबाव बढ़ता है, वहां अनुभवी अधिकारियों की तैनाती कर पुलिसिंग को मजबूत करने का प्रयास किया जाता है।
पुलिस महकमे में चर्चाओं का दौर- स्थानांतरण आदेश जारी होने के बाद पुलिस विभाग के भीतर चर्चाओं का दौर भी शुरू हो गया है, कई चौकियों और थानों में नए अधिकारियों की पदस्थापना को आगामी प्रशासनिक रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है, फिलहाल यह देखना दिलचस्प होगा कि यह फेरबदल जिले की कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग की कार्यशैली में कितना प्रभाव छोड़ता है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur