Breaking News

अंबिकापुर/लुण्ड्रा@स्कूल जतन योजना में करोड़ों के घोटाले के आरोप,लुण्ड्रा ब्लॉक में मरम्मत कार्यों पर उठे सवाल

Share

2.39 लाख के काम में ‘30 हजार’ का ही काम, कागजों में पूरा भुगतान…कई स्कूलों में गड़बड़ी की शिकायत


-संवाददाता-
अंबिकापुर/लुण्ड्रा,05 मई 2026 (घटती-घटना)। मुख्यमंत्री स्कूल जतन योजना के तहत लुण्ड्रा विकासखंड में स्कूल मरम्मत कार्यों में बड़े पैमाने पर अनियमितता और भ्रष्टाचार के आरोप सामने आए हैं। प्राथमिक शाला कटाईपारा (ग्राम पंचायत जरहाडीह) का मामला सबसे अधिक चर्चा में है,जहां 2 लाख 39 हजार रुपए के मरम्मत कार्य का भुगतान दिखाया गया,जबकि जमीनी स्तर पर काम बेहद कम होने का आरोप है। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, स्कूल में नाममात्र का मरम्मत कार्य हुआ है,लेकिन कागजों में पूरा कार्य दर्शाकर राशि आहरित कर ली गई।
आरोप है कि इस मामले में दस्तावेजों में भी हेरफेर किया गया है। जिस स्कूल का वास्तविक स्थान ग्राम पंचायत जरहाडीह है, उसे अभिलेखों में ग्राम पंचायत लमगांव दर्शाया गया है, जिससे पूरे प्रकरण को संदिग्ध माना जा रहा है। मामले को उजागर करने वाले आरटीआई कार्यकर्ता डी.के. सोनी ने इसे भ्रष्टाचार का स्पष्ट मामला बताते हुए संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग की है। उनका कहना है कि बिना मिलीभगत के इस तरह की गड़बड़ी संभव नहीं है।
अन्य स्कूलों में भी गड़बड़ी के आरोप : लुण्ड्रा ब्लॉक के कई अन्य स्कूलों में भी इसी तरह की अनियमितताओं की शिकायत सामने आई है।
इनमें प्राथमिक शाला डडहोली पारा, डडहोलीपारा (भेडि़या), असकला,भेड़ीदाढ़ असकला, माध्यमिक शाला डडहोली पारा, प्राथमिक शाला सायर रई, केजीबीवी लुण्ड्रा,माध्यमिक शाला चिरंगा एवं प्राथमिक शाला चिरंगा शामिल हैं। इन सभी में लाखों रुपए के कार्य स्वीकृत और पूर्ण दर्शाए गए हैं, जबकि वास्तविक कार्य पर सवाल उठाए जा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कई स्थानों पर कार्य अधूरा है या गुणवत्ता बेहद खराब है, जिससे योजना के क्रियान्वयन पर गंभीर प्रश्न खड़े हो रहे हैं।
जांच की मांग,बढ़ा आक्रोश : मामले के सामने आने के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि प्रशासन इस गंभीर मामले में क्या कदम उठाता है और जिम्मेदारों पर कब कार्रवाई होती।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@शादी का झांसा देकर दैहिक शोषण करने वाला आरोपी गिरफ्तार

Share 4 वर्षों तक संबंध बनाकर शादी से किया इंकार कोतवाली पुलिस ने भेजा न्यायिक …

Leave a Reply