अश्लील मैसेज भेजने,शादी तुड़वाने व लूट की वारदात में केस दर्ज
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,05 मई 2026 (घटती-घटना)। छात्रा से अश्लील मैसेज भेजकर प्रताडि़त करने, शादी तुड़वाने और लूटपाट के गंभीर आरोपों में कोतवाली पुलिस ने एक महाविद्यालय के प्राध्यापक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में पीडि़ता ने थाना कोतवाली अंबिकापुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वर्ष 2025 में शासकीय राजमोहिनी कन्या महाविद्यालय में अध्ययन के दौरान इतिहास विषय के सहायक प्राध्यापक डॉ. चंद्र किशोर कौशल उसे व्हाट्सऐप पर लगातार मैसेज भेजता था। शुरुआत में सामान्य बातचीत के बाद आरोपी ने अक्टूबर-नवंबर 2025 के दौरान अश्लील फोटो एवं अभद्र संदेश भेजना शुरू कर दिया। पीडि़ता ने परेशान होकर आरोपी का नंबर ब्लॉक कर दिया और इसकी शिकायत परिजनों व महाविद्यालय प्रबंधन से की, जहां आरोपी को चेतावनी भी दी गई थी। इसके बावजूद आरोपी की हरकतें नहीं रुकीं और उसने पीडि़ता को और अधिक परेशान करना शुरू कर दिया। पीडि़ता ने आरोप लगाया कि 1 मई 2026 को उसका विवाह तय था, जिसे आरोपी ने वर पक्ष को गुमराह कर तुड़वा दिया। साथ ही 27 फरवरी 2026 को आरोपी ने अपने साथियों के साथ पीडि़ता को सुनसान स्थान पर ले जाकर उसका मोबाइल फोन छीन लिया। पीडि़ता की शिकायत पर थाना कोतवाली अंबिकापुर में अपराध क्रमांक 160/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान आरोपी फरार चल रहा था। 4 मई 2026 को आरोपी द्वारा न्यायालय अंबिकापुर में आत्मसमर्पण किए जाने के बाद पुलिस ने न्यायालय से अनुमति प्राप्त कर आरोपी डॉ. चंद्र किशोर कौशल (निवासी बाबूपारा, अंबिकापुर) को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत सिन्हा सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur