2.50 लाख की लकड़ी और 15 लाख की मशीन जब्त,वन माफियाओं में हड़कंप,चालक मौके से फरार
-संवाददाता-
राजपुर/बलरामपुर,04 मई 2026 (घटती-घटना)। बलरामपुर जिले में वन विभाग द्वारा अवैध कटाई और परिवहन के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। वन मंडलाधिकारी आलोक कुमार बाजपेयी के पदस्थापन के बाद से वन माफिया, रेत माफिया और वन भूमि पर अतिक्रमण करने वालों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई देखने को मिल रही है। इसी क्रम में राजपुर वन विभाग ने रविवार शाम एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से लोड की जा रही सेमल की लकड़ी के साथ एक हाइड्रा मशीन को जप्त किया है। वन विभाग की टीम ने मौके से 26 नग सेमल की लकड़ी (कुल 13.883 घन मीटर) जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2.50 लाख रुपये आंकी गई है। वहीं, जप्त हाइड्रा मशीन की कीमत लगभग 15 लाख रुपये बताई जा रही है।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई : जानकारी के अनुसार रविवार शाम करीब 7 बजे मुखबिर ने राजपुर वन परिक्षेत्राधिकारी अजय वर्मा को सूचना दी कि ग्राम घोरगड़ी में एक ट्रक में हाइड्रा मशीन के जरिए सेमल की लकड़ी लोड की जा रही है। सूचना मिलते ही परिक्षेत्राधिकारी ने उच्च अधिकारियों—वन मंडलाधिकारी आलोक कुमार बाजपेयी और उप वन मंडलाधिकारी आरएसएल श्रीवास्तव—को अवगत कराया। निर्देश मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर हाइड्रा मशीन व लकड़ी को जब्त कर लिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। जब्त ट्रक शंकरगढ़ क्षेत्र का बताया जा रहा है।
कानूनी कार्रवाई शुरू
वन विभाग ने ट्रक चालक इजहार अंसारी (पिता मुस्ताक अंसारी) के खिलाफ छत्तीसगढ़ वन अधिनियम (वनोपज) नियम 2001 की धारा 3(क), 16 व 22, मध्यप्रदेश वन उपज (व्यापार विनियमन) अधिनियम 1969 की धारा 5 तथा भू-राजस्व संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
इनका रहा योगदान
इस कार्रवाई में वन परिक्षेत्राधिकारी अजय वर्मा के साथ अशोक शुक्ला, पुनीत सिंह, मालती मांझी, राजेश कुमार,झगरू राम,भोला राम,राजस्व विभाग एवं राजपुर पुलिस टीम का विशेष योगदान रहा।
वन माफियाओं में मचा हड़कंप
लगातार हो रही सख्त कार्रवाई से क्षेत्र में वन माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है। विभाग ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि अवैध कटाई और परिवहन के मामलों में आगे भी इसी तरह कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur