-संवाददाता-
अम्बिकापुर,29 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। कलेक्टर एवं ज्ञानभारतम राष्ट्रीय पांडुलिपि सर्वेक्षण अभियान के जिला समिति के अध्यक्ष श्री अजीत वसंत के मार्गदर्शन तथा जिला पंचायत सीईओ एवं समिति के सदस्य सचिव श्री विनय अग्रवाल के निर्देशन में जिले की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर को सहेजने के लिए ‘ज्ञान भारतम राष्ट्रीय पांडुलिपि सर्वेक्षण‘ अभियान 15 मार्च से जारी है जो 15 जून तक चलेगा। कलेक्टर श्री वसंत ने लोगों से प्राचीन पांडुलिपियों को नष्ट होने से बचाने के लिए चलाए जा रहे इस सर्वेक्षण अभियान में सहयोग प्रदान करने अपील की है। उन्होंने कागज, भोजपत्र, ताड़पत्र, कपड़े आदि में हस्तलिखित सामग्रियों की जानकारी देने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि यह अभियान प्राचीन ज्ञान परंपरा को संरक्षित करने का ऐतिहासिक प्रयास है।
उदयपुर के झिरमिट्टी में मिली लगभग 250 वर्ष पुरानी पांडुलिपि
अभियान अंतर्गत व्यापक सर्वेक्षण के दौरान उदयपुर विकासखण्ड के ग्राम झिरमिट्टी में लगभग 250 वर्ष पुरानी हस्तलिखित पांडुलिपि प्राप्त हुई, जिनका डिजिटल संरक्षण ’ज्ञानभारतम’ एप के माध्यम से किया गया। मौके पर ही मोबाइल के जरिए पांडुलिपी की फोटो अपलोड कर उन्हें जिओ टैग किया गया। अभियान के अंतर्गत सर्वेक्षण के दौरान जिले में मिली यह पांडुलिपि ग्राम झिरमिट्टी के निवासी श्री शैलेंद्र मिश्रा के घर से प्राप्त हुई।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur