कुसमी,21 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। बलरामपुर जिले के ग्राम इंदरीकला में नलजल योजना के पानी को लेकर विवाद हिंसक हो गया। दबंगों ने एक युवक के साथ मारपीट कर पत्थर से उसका सिर फोड़ दिया और जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद पीडि़त ग्रामीणों के साथ कलेक्टर और एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। जानकारी के अनुसार, ग्राम इंदरीकला नवापारा निवासी मोहम्मद तौफीक ने बताया कि गांव में नलजल योजना के तहत बनी पानी टंकी से पेयजल सप्लाई को लेकर ग्रामीणों ने सरपंच से शिकायत की थी। आरोप है कि गांव के इस्लाम और यासीन अंसारी पानी का उपयोग अपनी खेती के लिए अधिक मात्रा में कर रहे हैं, जिससे ग्रामीणों को पीने का पानी नहीं मिल पा रहा है। बताया गया कि 20 अप्रैल को इसी मुद्दे पर बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया। आरोपियों ने मोहम्मद तौफीक के साथ मारपीट की और पत्थर मारकर उसका सिर फोड़ दिया। साथ ही ज्यादा नेता बनने की बात कहकर जान से मारने की धमकी दी। पीडि़त ने घटना की शिकायत कुसमी थाना में लिखित आवेदन देकर की है। साथ ही सुरक्षा की मांग को लेकर बलरामपुर कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को भी आवेदन सौंपा गया है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव के हितों से जुड़े मुद्दों को उठाने के कारण पुरानी रंजिश में यह हमला किया गया है।
मामले में पुलिस जांच कर रही है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur