3.4 किलो गांजा, स्कूटी और नकदी जब्त,सप्लायर भी पुलिस गिरफ्त में…
अम्बिकापुर ,21 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। कोतवाली पुलिस ने अवैध गांजा तस्करी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3 किलो 400 ग्राम गांजा, एक स्कूटी,नकदी और मोबाइल जब्त किया है। जब्त मशरुका की कुल कीमत करीब 1 लाख 25 हजार रुपए आंकी गई है। पुलिस के अनुसार 20 अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिली कि घुटरापारा नहर रोड पर एक युवक सफेद रंग की स्कूटी में गांजा लेकर बिक्री के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना पर टीम ने मौके पर घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम शाहबाज आलम (24) निवासी मोमिनपुरा अंबिकापुर बताया। तलाशी लेने पर स्कूटी की डिक्की से 3.4 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत लगभग 70 हजार रुपए है। साथ ही घटना में प्रयुक्त स्कूटी (कीमत करीब 50 हजार रुपए) भी जब्त की गई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने यह गांजा मोमिनपुरा निवासी मो. इजाज से 8 हजार रुपए में खरीदा था और बाकी रकम बिक्री के बाद देने की बात तय हुई थी। इसके आधार पर पुलिस ने सप्लायर मो. इजाज (47) को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने लैलूंगा से गांजा लाकर बेचने की बात कबूल की। पुलिस ने सप्लायर के पास से 8 हजार रुपए नकद और एक मोबाइल भी जब्त किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (बी) के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत सिन्हा सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारी और जवान सक्रिय रूप से शामिल रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur