37 आवेदनों पर हुई सुनवाई
एमसीबी,21 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम एक बार फिर आम नागरिकों के लिए अपनी समस्याओं को सीधे प्रशासन तक पहुंचाने का प्रभावी मंच बनकर उभरा, कलेक्टर के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में अपर कलेक्टर नम्रता डोंगरे ने जिले के विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
37 आवेदनों पर हुई सुनवाई
जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान कुल 37 आवेदन प्राप्त हुए,जिनमें विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं शामिल थीं,नागरिकों ने पारिश्रमिक भुगतान, पेयजल व्यवस्था, प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत मजदूरी भुगतान,राजस्व प्रकरणों का निराकरण, उत्तराधिकारी प्रमाण-पत्र,भूमि सीमांकन,राशन वितरण,मानदेय भुगतान,अवैध उत्खनन,बैंक कटौती, निर्माण कार्यों के भुगतान,वन अधिकार पट्टा,साप्ताहिक बाजार स्थल परिवर्तन, विद्युत आपूर्ति और ऋण संबंधित मामलों को प्रमुखता से उठाया।
समय-सीमा में निराकरण के निर्देश
अपर कलेक्टर नम्रता डोंगरे ने सभी आवेदनों पर तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण का गंभीरता से परीक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए,उन्होंने स्पष्ट कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है,साथ ही अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करने और लंबित मामलों को शीघ्र समाप्त करने के निर्देश भी दिए गए।
नागरिकों को भटकने से मिलेगी राहत
कार्यक्रम के दौरान यह भी जोर दिया गया कि नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे प्रत्येक प्रकरण का त्वरित निराकरण कर आमजन को राहत प्रदान करें।
प्रशासन और जनता के बीच बढ़ा संवाद
जनदर्शन कार्यक्रम के माध्यम से प्रशासन और आम नागरिकों के बीच सीधा संवाद स्थापित हो रहा है,इससे न केवल समस्याओं के समाधान में तेजी आ रही है,बल्कि शासन के प्रति लोगों का विश्वास भी मजबूत हो रहा है, इस पहल को जिले में सुशासन और पारदर्शिता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जहां आमजन की आवाज को प्राथमिकता दी जा रही है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur