Breaking News

कोरिया/सोनहत@ ग्राम पंचायत केशगवा में 15 वें वित्त की राशि का बंदरबांट,सचिव पर 3 लाख के गबन का आरोप

Share

सरपंच को अंधेरे में रखकर डीएससी का दुरुपयोग, जांच के बाद भी कार्यवाही न होने पर ‘पंच संघ’ में भारी आक्रोश
राजन पाण्डेय
कोरिया/सोनहत,20 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)
वनांचल क्षेत्र के ग्राम पंचायतों में भ्रष्टाचार की जड़ें कितनी गहरी हैं,इसका ताजा उदाहरण ग्राम पंचायत केशगवा में देखने को मिला है,यहाँ के पंचायत सचिव पर 15 वें वित्त की लगभग 3 लाख रुपये की राशि फर्जी तरीके से आहरण कर गबन करने का गंभीर आरोप लगा है, इस मामले में कार्यवाही न होने से नाराज ‘पंच संघ सोनहत’ ने अब कलेक्टर कोरिया को ज्ञापन देकर कार्यवाही की मांग किया है
धोखे से डीएससी लेकर खेल करने का आरोप- शिकायत के अनुसार,पँचायत सचिव ने सरपंच सोभित राम को विश्वास में लेकर ‘प्रिया शाफ्ट’ के नाम पर धोखे से उनकी डीएससी ले ली। इसके बाद, किसी फर्जी सप्लायर के नाम पर एफटीओ जनरेट कर शासन की 3 लाख रुपये की राशि का आहरण कर लिया गया, सरपंच की बिना जानकारी के हुए इस वित्तीय हेराफेरी ने पंचायत प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जांच में पुष्टि, फिर भी कार्यवाही नही- प्रेम सागर तिवारी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सरपंच सोभित राम ने 05 अगस्त 2025 को ‘कलेक्टर जनदर्शन’ में इसकी लिखित शिकायत की थी।
विभागीय जांच में राशि का फर्जी आहरण होना सही पाया गया, लेकिन विडंबना यह है कि महीनों बीत जाने के बाद भी न तो आरोपी सचिव से वसूली की गई और न ही उस पर कार्यवाही हुई, ग्रामीणों और पंच संघ का आरोप है कि इस पूरे घोटाले में जांचकर्ता अधिकारी की संलिप्तता है, जो मामले को रफा-दफा करने और फाइल दबाने की कोशिश कर रहे हैं। इस गबन के कारण पंचायत के विकास कार्य पूरी तरह ठप पड़ गए हैं।
पंच संघ की चेतावनीः ‘10 दिन में कार्यवाही नहीं तो होगा घेराव’
पंच संघ सोनहत के अध्यक्ष प्रेम सागर तिवारी ने इस मामले में आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है,कलेक्टर कोरिया को सौंपे गए ज्ञापन में उन्होंने स्पष्ट किया है कि यदि 10 दिनों के भीतर आरोपी सचिव पर एफआईआर दर्ज नहीं होती और राशि की वसूली शुरू नहीं की जाती, तो पंच संघ कलेक्टर कार्यालय का घेराव करने के लिए बाध्य होगा।
इनका कहना है…
‘यह सीधे तौर पर जनता के पैसे की चोरी है, सचिव ने सरपंच के भरोसे का कत्ल किया है। यदि शासन-प्रशासन भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों को संरक्षण देना बंद नहीं करता, तो हम उग्र आंदोलन करेंगे। ‘
प्रेम सागर तिवारी,अध्यक्ष (पंच संघ,सोनहत)


Share

Check Also

अम्बिकापुर@ सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य हेतु मोहम्मद जीशान खान हुए सम्मानित

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,08 जून 2026 (घटती-घटना)। एशियन न्यूज द्वारा आयोजित ‘प्राउड ऑफ़ सरगुजा अवार्ड 2026’ समारोह …

Leave a Reply