गांव-गांव पहुंचकर दे रही कानून,साइबर सुरक्षा और नशामुक्ति की जानकारी
पुलिस आपके द्वार कार्यक्रम के तहत ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर निराकरण,असामाजिक तत्वों को एसपी की कड़ी चेतावनी
बलरामपुर,20 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। जिले में आमजन को जागरूक करने और पुलिस व्यवस्था को गांव-गांव तक पहुंचाने के उद्देश्य से बलरामपुर पुलिस द्वारा ‘चलित थाना (पुलिस आपके द्वार)’ अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा और पुलिस अधीक्षक बलरामपुर-रामानुजगंज वैभव बैंकर के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्वदीपक त्रिपाठी के नेतृत्व में जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में यह अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत थाना व चौकी प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों के गांवों में बारी-बारी से पहुंचकर चलित थाना का आयोजन कर रहे हैं। इस कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और कानून संबंधी जानकारी देकर उन्हें जागरूक एवं आत्मनिर्भर बनाना है।
ग्रामीणों की समस्याओं का गांव में ही समाधान : चलित थाना कार्यक्रम के माध्यम से पुलिस टीम गांवों और दूरस्थ क्षेत्रों में पहुंचकर आम लोगों की समस्याएं सुन रही है तथा यथासंभव मौके पर ही विधिसम्मत निराकरण भी कर रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस को अपने बीच पाकर लोगों में उत्साह देखा जा रहा है और बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में शामिल हो रहे हैं।
साइबर अपराध से बचाव की दी जा रही जानकारी : पुलिस द्वारा लोगों को डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों जैसे ऑनलाइन ठगी,डिजिटल अरेस्ट,फर्जी कॉल,संदिग्ध लिंक और बैंक फ्रॉड से बचने के उपाय बताए जा रहे हैं। साथ ही शासन द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी देकर शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया भी समझाई जा रही है। लोगों को सुरक्षित पासवर्ड रखने,ओटीपी साझा न करने, अनजान लिंक पर क्लिक न करने और सोशल मीडिया पर सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।
नशामुक्ति, महिला सुरक्षा और सामाजिक कानूनों पर फोकस : अभियान के दौरान युवाओं और विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में बताया जा रहा है तथा नशामुक्त जीवन अपनाने का आह्वान किया जा रहा है। इसके साथ ही बाल विवाह,लैंगिक उत्पीड़न,घरेलू हिंसा, पॉक्सो एक्ट,मानव तस्करी,दहेज प्रतिषेध अधिनियम,टोनही प्रताड़ना अधिनियम और बाल श्रम कानूनों की जानकारी भी दी जा रही है। महिलाओं एवं बालिकाओं को गुड टच-बैड टच तथा सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी देकर जागरूक किया जा रहा है।
यातायात नियमों का पालन करने की अपील : पुलिस द्वारा युवाओं को यातायात नियमों के पालन,दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने,चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने,निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की समझाइश दी जा रही है।
एसपी वैभव बैंकर की चेतावनी : पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने कहा कि नशा व्यक्ति को मानसिक,शारीरिक और सामाजिक रूप से कमजोर बनाता है तथा उसका भविष्य खराब करता है। उन्होंने आमजन से शराब पीकर वाहन न चलाने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की। एसपी ने गुंडा, निगरानी, माफी बदमाशों, नशेडि़यों और बेवजह घूमने वाले असामाजिक तत्वों को चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी अनैतिक गतिविधि में शामिल पाए जाने पर उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur