ब्रह्माकुमारी संस्था में सात दिवसीय कार्यक्रम का समापन,राजयोग शिविर आज से…
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,19 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। ब्रह्माकुमारी संस्था द्वारा आयोजित श्रीमद् भगवत गीता ज्ञान कार्यक्रम के सातवें दिन गीता के संदेशों के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत भारतीय परंपरा अनुसार दीप प्रज्वलन और देव पूजन से की गई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में नगर निगम महापौर मंजूषा भगत एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष फुलेश्वरी सिंह उपस्थित रहीं। अतिथियों ने मुख्य वक्ता सिवनी (मध्यप्रदेश) से आई योग शक्ति गीता दीदी का शाल, श्रीफल और पुष्पगुच्छ से सम्मान किया। गीता दीदी ने अपने संबोधन में कहा कि गीता का ज्ञान केवल सुनने के लिए नहीं, बल्कि जीवन में अपनाने के लिए है। उन्होंने कहा कि ‘आंसू बहाने से नहीं, बल्कि एकाग्रता और श्रेष्ठ कर्म से भाग्य बदलता है।’ हर व्यक्ति के अंदर राम और रावण दोनों प्रवृत्तियां होती हैं, इसलिए आवश्यक है कि हम अपने भीतर के अच्छे गुणों को विकसित करें और नकारात्मकता को समाप्त करें। कार्यक्रम के अंतिम दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर अपने अंदर की बुराइयों और नकारात्मक संस्कारों को त्यागने का संकल्प लिया।
आज से शुरू होगा राजयोग शिविर : संस्था द्वारा 19 अप्रैल से राजयोग शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इसमें सुबह 6 बजे म्यूजिकल एक्सरसाइज, 7 से 8 बजे तक राजयोग मेडिटेशन तथा शाम 6 से 7 बजे तक प्रतिदिन सत्र आयोजित होंगे। आयोजकों ने अधिक से अधिक लोगों से शिविर में भाग लेने की अपील की है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur