-संवाददाता-
राजपुर/बलरामपुर,18 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। जमीन बंटवारे के विवाद में एक महिला की कथित पिटाई के बाद मौत हो जाने के मामले में बारियों चौकी पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। घटना बलरामपुर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिथमा की है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 88/2026 के तहत धारा 191(2), 190, 332 तथा 103(1) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, प्रार्थी कुलन राम (60 वर्ष) निवासी ग्राम सिथमा ने बारियों चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 15 अप्रैल 2026 को वह अपने बेटे और बहू के साथ घर के पास बाड़ी में मूंगफली की फसल में घास निकालने और पानी पटाने गया था। घर पर उसकी पत्नी राजो बाई और नातिन पायल मौजूद थीं। शाम करीब 5 बजे नातिन पायल रोते हुए खेत पहुंची और बताया कि दादी को मारा जा रहा है। इसके बाद कुलन राम परिवार के साथ घर पहुंचा तो देखा कि आरोपी संजय, उसकी पत्नी परमेश्वरी उर्फ पनेसरी, सरस्वती उर्फ बुधो, राजकुमारी उर्फ जुईया, उसका पति चैतू तथा फुलकुंवर जमीन बंटवारे को लेकर मारपीट कर रहे थे।
हाथ-मुक्का और लात से की पिटाई
रिपोर्ट में बताया गया कि आरोपियों ने जमीन हिस्सा नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्का व लात से मारपीट की। परिवार के लोगों ने बीच-बचाव कर महिला को छुड़ाया, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
अगले दिन बिगड़ी तबीयत, हो गई मौत
16 अप्रैल को कुलन राम गांव में एक पारिवारिक कार्यक्रम में गया था। शाम को बेटे ने सूचना दी कि राजो बाई की तबीयत ज्यादा खराब है। घर पहुंचने पर महिला दर्द से परेशान थी और कुछ देर बाद उसने बोलना बंद कर दिया। परिजनों ने देखा तो उसकी मौत हो चुकी थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद कार्रवाई
मामले में मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम सीएचसी राजपुर में कराया गया। जांच के दौरान मारपीट और विवाद से हुई स्थिति को महिला की मौत का कारण मानते हुए पुलिस ने सभी छह आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया।
सभी आरोपी गिरफ्तार
विवेचना के दौरान आरोप प्रमाणित पाए जाने पर पुलिस ने सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur