Breaking News

जशपुरनगर@मुख्यमंत्री साय ने प्रदेश में 774 सड़कों का किया शिलान्यास एवं शुभारभ

Share


2225.44 करोड़ रुपए की लागत से 2426.875 किलोमीटर सड़कों का किया जाएगा निर्माण

-संवाददाता-
जशपुरनगर,18 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज रणजीता स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना अंतर्गत राज्य स्तर पर स्वीकृत फेस-04 की 774 सड़कों का शिलान्यास एवं शुभारंभ किया। कुल 2426.875 किलोमीटर लंबाई की इन सड़कों के निर्माण पर 2225.44 करोड़ रुपए की लागत आएगी। इनमें से जशपुर जिले में कुल 77 सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। इसकी कुल लंबाई 197.26 किलोमीटर और लागत 196.20 करोड़ रुपए है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिला मुख्यालय स्थित वशिष्ठ कम्यूनिटी हाल के जीर्णोद्धार के लिए 80 लाख रुपए देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि आज का दिन छत्तीसगढ़ के लिए ऐतिहासिक है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (फेज-4) के अंतर्गत 2,225 करोड़ रुपये की लागत से 774 सड़कों का एक साथ भूमिपूजन किया गया है। लगभग 2,427 किलोमीटर लंबी इन सड़कों के निर्माण से 781 बसाहटों को बारहमासी पक्की सड़क सुविधा प्राप्त होगी,जिससे ग्रामीण जनजीवन में व्यापक परिवर्तन आएगा। उन्होंने कहा कि यह एक सुखद संयोग है कि जब पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने छत्तीसगढ़ राज्य का गठन किया,उसी वर्ष प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की भी शुरुआत की। वे जमीन से जुड़े नेता थे, जिन्होंने ग्रामीण भारत की जरूरतों को गहराई से समझा और यह योजना उनकी संवेदनशील सोच का परिणाम है।
आज यह योजना दूरस्थ गांवों को जोड़ते हुए ग्रामीण जीवन की जीवनरेखा बन चुकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण सड़कों के विकास का दूसरा महत्वपूर्ण चरण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आया है। पिछले एक दशक में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और पीएम जनमन योजना के माध्यम से छत्तीसगढ़ में सुदृढ़ सड़क नेटवर्क का विस्तार हुआ है, जिससे अधिकांश बसाहटें अब सड़क संपर्क से जुड़ चुकी हैं। उन्होंने बताया कि भारतमाला परियोजना के अंतर्गत रायपुर से विशाखापट्टनम तथा रायपुर से जशपुर होते हुए धनबाद तक सड़क निर्माण कार्य जारी है। इससे जशपुर से रायपुर की दूरी कम समय में तय की जा सकेगी और क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी। मुख्यमंत्री ने सहकारिता क्षेत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि हाल ही में 515 प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (पैक्स) का वर्चुअल शुभारंभ किया गया है। इससे प्रदेश में समितियों की संख्या बढ़कर 2,573 हो गई है। ये समितियां बहुउद्देश्यीय सोसायटी के रूप में कार्य करते हुए किसानों को खाद, बीज, अल्पकालीन ऋण जैसी सुविधाएं उनके गांव के निकट उपलब्ध कराएंगी, साथ ही धान विक्रय की प्रक्रिया भी सरल होगी। किसानों के हित में राज्य सरकार द्वारा 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है। होली से पूर्व 25.28 लाख किसानों के खातों में 10,324 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरण होने से किसानों में उत्साह और विश्वास बढ़ा है। मुख्यमंत्री ने नागरिकों से जनगणना में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि इससे वास्तविक स्थिति का आकलन संभव होगा और विकास कार्यों की सटीक योजना बनाई जा सकेगी। उन्होंने बताया कि बिजली बिल भुगतान समाधान योजना के तहत प्रदेशभर में शिविर लगाकर समस्याओं का निराकरण किया जाएगा तथा 757 करोड़ रुपये के बिजली बिल माफ किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के दृढ़ संकल्प के चलते छत्तीसगढ़ में नक्सल समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है, जिससे अब प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों में तेजी से विकास कार्य संभव हो पाएंगे।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि आज जिस 774 सड़कों का शिलान्यास किया गया है, इसका काम कल से शुरू हो जाएगा। इस सड़कों को 500 दिनों में पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में सड़कों के निर्माण में काफी तेजी आई है। इन वर्षों में लगभग 1300 से अधिक सड़कों का निर्माण पूरा किया जा चुका है। उन्होंने बताया किन पीएम जनमन योजना के तहत विशेष पिछड़ी जनजाति समुदाय इलाकों में भी सड़कों के निर्माण द्रुत गति से किया जा रहा है। आने वाले समय में यह इलाका भी तेजी से मुख्यधारा में जुड़ जाएगा। उप मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार ने अवैध धर्मांतरण को रोकने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ में धर्म स्वातंर्त्य कानून लागू किया है। इस कानून में शामिल कड़े प्रावधानों के माध्यम से निश्चित रूप से अवैध धर्मांतरण पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकेगा।
मुख्यमंत्री ने 375 अटल डिजिटल सुविधा केंद्र भवनों का किया लोकार्पण

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज रणजीता स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में ग्राम पंचायत स्तर पर नागरिक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए 375 अटल डिजिटल सुविधा केंद्र भवनों का लोकार्पण किया। इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, पद्मजागेश्वर यादव, विधायक श्रीमती गोमती साय और श्रीमती रायमुनी भगत मौजूद रहे। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के तहत पंचायत स्तर पर बैंकिंग एवं डिजिटल सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को अब छोटे-छोटे कार्यों के लिए शहर या ब्लॉक मुख्यालय जाने की आवश्यकता नहीं पड़ रही है। उन्होंने बताया कि इन अटल डिजिटल सुविधा केंद्रों के माध्यम से ग्रामीण अब अपने गांव में ही बैंकिंग सेवाओं का लाभ उठा रहे हैं। इसमें पैसे निकालना, जमा करना तथा नए बैंक खाते खोलना भी सहज हो गया है। उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि,उज्ज्वला योजना, पेंशन योजनाएं एवं आयुष्मान भारत कार्ड जैसी विभिन्न शासकीय योजनाओं के लिए अब ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया सरल और सुलभ हो गई है, जिससे अधिक से अधिक हितग्राही लाभान्वित हो रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन केंद्रों की स्थापना से ग्रामीणों के समय और धन दोनों की बचत हो रही है। अब उन्हें शहर आने-जाने में होने वाले खर्च और समय की चिंता नहीं करनी पड़ती, जिससे उन्हें बड़ी राहत मिली है। उन्होंने यह भी कहा कि अटल डिजिटल सुविधा केंद्र ग्रामीणों को डिजिटल युग से जोड़ने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। इससे न केवल डिजिटल सशक्तिकरण को बढ़ावा मिल रहा है, बल्कि ग्रामीण आत्मनिर्भर भी बन रहे हैं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पूर्व विधायक
स्व. जगेश्वर राम भगत को दी श्रद्धांजलि


मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज जशपुर जिले के पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ समाजसेवी स्वर्गीय जगेश्वर राम भगत को श्रद्धांजलि अर्पित की। जशपुर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री साय ग्राम कोमड़ो स्थित उनके निवास पहुंचे,जहां उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री साय ने स्वर्गीय भगत के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके योगदान को याद किया। इस दौरान उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए इस कठिन समय में धैर्य बनाए रखने की बात कही। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार को इस दुःख की घड़ी में संबल एवं धैर्य प्रदान करने की कामना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि स्वर्गीय जगेश्वर राम भगत का जीवन समाज सेवा और जनकल्याण के लिए पूर्णतः समर्पित रहा। उन्होंने समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाने का कार्य किया। इस दौरान इस दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, अध्यक्ष छ.ग. भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार मंडल रामप्रताप सिंह, विधायक पत्थलगांव श्रीमती गोमती साय, जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, नगर पालिका उपाध्यक्ष यश प्रताप सिंह जूदेव, सरगुजा संभाग के कमिश्नर नरेंद्र दुग्गा, पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लाल उमेंद सिंह सहित आमजन मौजूद रहे।


Share

Check Also

रायपुर@आईएएस समीर विश्नोई की करोड़ों की संपत्तियां अटैच

Share रायपुर,18 अप्रैल २0२6। एसीबी ईओडब्ल्यू ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए निलंबित …

Leave a Reply