आबकारी टीम की कार्रवाई,मुख्य सप्लायर भी चढ़ा हत्थे…
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,18 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। संभागीय आबकारी उडऩदस्ता टीम ने नशीले कैप्सूल और इंजेक्शन की अवैध सप्लाई पर बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। टीम ने आरोपियों के कब्जे से 1704 नग नशीले कैप्सूल और 100 नग नशीले इंजेक्शन जब्त किए हैं।
तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर जेल भेज दिया गया है। सहायक जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि 17 अप्रैल की रात मुखबिर की सूचना पर सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम कुम्हारपारा,महेशपुर निवासी गौतम बनवासी और जगजीवन प्रजापति को 1704 नशीले कैप्सूल के साथ पकड़ा गया।
पूछताछ में सामने आया सप्लायर
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे यह नशीले कैप्सूल दरिमा थाना क्षेत्र के बेलखरिखा निवासी शेख अयातुल्लाह उर्फ भोलू खान से खरीदते थे। आरोपी ने यह भी बताया कि भोलू खान इन दिनों अंबिकापुर बस स्टैंड स्थित श्याम लॉज में रहकर नशीले इंजेक्शन और कैप्सूल की सप्लाई कर रहा है।
होटल से दबोचा गया मुख्य आरोपी
सूचना के आधार पर आबकारी टीम ने 18 अप्रैल को श्याम लॉज में दबिश देकर भोलू खान को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से 100 नग नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए।
हत्या के मामले में था फरार
आबकारी अधिकारी के अनुसार, भोलू खान हत्या के एक मामले में फरार चल रहा था और लंबे समय से सरगुजा क्षेत्र में नशीले पदार्थों की सप्लाई कर रहा था। वह लगातार मोबाइल नंबर बदलता रहता था, जिससे पकड़ में नहीं आ रहा था।
एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई
तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21सी, 22सी और 29 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur