एनएच पर बिना संकेत खड़े ट्रक से आधी रात हादसा,तीन की हालत गंभीर
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,17 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। अंबिकापुर-प्रतापपुर मार्ग पर गुरुवार आधी रात एक बड़ा सडक हादसा हो गया। ग्राम पंचायत कल्याणपुर के नवापारा में तेज रफ्तार यात्री बस सडक किनारे खराब खड़े ट्रक से पीछे से टकरा गई। हादसे में बस के एक कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि दर्जनभर यात्री घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रात करीब 11.15 बजे झारखंड से दुर्ग जा रही रॉयल बस 06 जीवाई-0729 तेज रफ्तार में थी। बस में सवार अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे। इसी दौरान बस सामने बिना किसी चेतावनी संकेत के खड़े ट्रक सीजी 07 सीजे 2971 से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
ग्रामीणों ने संभाली राहत की कमान : हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण सबसे पहले मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। टूटे कांच और मुड़े दरवाजों के बीच फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। सूचना मिलते ही लटोरी और खडग़वां पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से घायलों को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।
इन घायलों का चल रहा इलाज दुर्घटना में अमृता, सुलेखा (छतरपुर, पलामू),अली जान (बरगढ़),अरविंद, सरताज, हीरोध (कल्याणपुर), हर्ष कुमार, नीलमती,संध्या,गुरु प्रसाद (रामानुजगंज), फलिस्ता (भंडारिया) और विनय पैकरा (गढ़वा) घायल हुए हैं। इनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे में बस कर्मचारी कांकेर निवासी 23 वर्षीय किशोर साहू (पिता रामदयाल साहू) की इलाज के दौरान मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह अपने परिवार का एकमात्र सहारा था।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur