-संवाददाता-
अम्बिकापुर,17 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा जिले में छात्र-छात्राओं को पुलिस व्यवस्था से परिचित कराने और उनमें जागरुकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न थाना व चौकियों का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। डीआईजी एवं एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन में जिले के कई स्कूलों के बच्चों ने थानों का दौरा कर पुलिस की कार्यप्रणाली को करीब से समझा। भ्रमण के दौरान बच्चों को सीसीटीएनएस कक्ष, रोजनामचा, बंदीगृह (हवालात), मालखाना और शस्त्रागार दिखाया गया। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया, आपातकालीन सेवाओं और पुलिस के दैनिक कार्यों की जानकारी सरल भाषा में दी। पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं को गुड टच-बैड टच, पोक्सो एक्ट, जेजे एक्ट, साइबर सुरक्षा और यातायात नियमों के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही महिला हेल्पलाइन 181, डायल 112 और साइबर हेल्पलाइन 1930 के उपयोग की जानकारी भी दी गई।
छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्परिणाम बताते हुए इससे दूर रहने की सलाह दी गई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि किसी भी संदिग्ध या असहज स्थिति में तुरंत अपने परिजनों और पुलिस को सूचना दें। इस शैक्षणिक भ्रमण से छात्रों के मन में पुलिस के प्रति सकारात्मक सोच विकसित हुई और उनका आत्मविश्वास बढ़ा। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने उत्साहपूर्वक सवाल पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों ने सरलता से जवाब दिया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur