बैकुंठपुर,16 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। भीषण गर्मी को देखते हुए भारत स्काउट्स एवं गाइड्स जिला संघ कोरिया द्वारा जिला चिकित्सालय बैकुंठपुर परिसर में लगातार तीसरे वर्ष प्याऊ घर का शुभारंभ किया गया। यह पहल मरीजों, उनके परिजनों एवं आमजन के लिए राहत का माध्यम साबित होगी। प्याऊ घर का शुभारंभ गुरुवार को जनपद पंचायत बैकुंठपुर के उपाध्यक्ष प्यारेलाल साहू, जिला शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार राय, जिला खेल अधिकारी जितेंद्र कुमार गुप्ता, राज्य मुख्यालय आयुक्त शैलेन्द्र कुमार मिश्रा, सिविल सर्जन डॉ. आयुष जायसवाल एवं अन्य अतिथियों के करकमलों से किया गया। इस अवसर पर शीतल शरबत, चना-गुड़ एवं खीरा का वितरण किया गया। कार्यक्रम भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के राज्य मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा एवं राज्य सचिव बृजेश बाजपेई के निर्देशानुसार आयोजित किया गया।
जिला मुख्य आयुक्त देवेंद्र तिवारी, जिला संगठन आयुक्त नागेश्वर साहू के मार्गदर्शन तथा रवि प्रसाद बैगा के नेतृत्व में इस सेवा कार्य को संचालित किया जा रहा है। आयोजकों ने बताया कि जनसहयोग से 30 मई तक ग्रीष्मकालीन अवधि में शुद्ध पेयजल, शरबत, खीरा एवं गुड़ का निःशुल्क वितरण किया जाएगा। इस कार्य में स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं व्यापारियों का भी सहयोग प्राप्त हुआ है। स्थानीय नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि भीषण गर्मी में यह सेवा कार्य मानवता की मिसाल है। स्काउट्स एवं गाइड्स के छात्र-छात्राएं पूरे समर्पण भाव से सेवाएं देकर समाज को अनुशासन, सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दे रहे हैं। कार्यक्रम में जिला संघ के पदाधिकारी, चिकित्सालय स्टॉफ, जनप्रतिनिधि, स्काउट्स-गाइड्स, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur