अम्बिकापुर,16 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) द्वारा नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में स्थानीय पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में वृहद हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। कार्यक्रम भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल योगराज टिकरिया के आह्वान, भाजपा जिला अध्यक्ष भारत सिंह सिसौदिया के मार्गदर्शन एवं भाजयुमो जिला अध्यक्ष निशांत सिंह के नेतृत्व में आयोजित किया गया। अभियान में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेते हुए महिला आरक्षण एवं सशक्तिकरण से जुड़े इस ऐतिहासिक कानून के समर्थन में हस्ताक्षर कर अपनी सहभागिता दर्ज कराई। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को राजनीति और समाज की मुख्यधारा में सशक्त भागीदारी दिलाने वाले अधिनियम के प्रति जागरूक करना था।
इस अवसर पर भाजयुमो पदाधिकारियों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पारित यह अधिनियम देश की आधी आबादी को उनका अधिकार दिलाने की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देकर सशक्त राष्ट्र निर्माण में एक तिहाई भागीदारी सुनिश्चित की गई है। कार्यक्रम में महिलाओं की भारी उपस्थिति को अधिनियम के प्रति समर्थन का संकेत बताया गया। वक्ताओं ने कहा कि जिले की महिलाओं ने एकजुट होकर महिला नेतृत्व और सम्मान के पक्ष में अपना समर्थन जताया है। इस अवसर पर सुश्री प्रिया सिंह, अनीश सिंह, अविनाश मंडल, ऋषु अंबष्ट, शुभम सिंह भदौरिया, रवजोत सिंह, अनुराग शुक्ला, प्रीतेश दुबे, हर्षित दुबे, अभिषेक माथुर सहित भाजयुमो के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur