सीबीएसई कक्षा 10वीं में 100′ परिणाम
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,16 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले स्थित पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की कक्षा 10वीं परीक्षा में 100 प्रतिशत परिणाम हासिल कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। यह उपलब्धि विद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों और प्राचार्य के समर्पित प्रयासों का परिणाम है। इस उल्लेखनीय सफलता में विद्यालय की प्रतिभाशाली छात्रा सृष्टि ठाकुर ने 98.8′ अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं भूमिका भोय ने 97.8′ अंकों के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया। तृतीय स्थान पर हर्षित राज रहे, जिन्होंने 97.8′ अंक अर्जित कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। इन सभी विद्यार्थियों ने न केवल व्यक्तिगत उत्कृष्टता दिखाई, बल्कि विद्यालय का नाम भी रोशन किया है।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्री राजू दुबे ने सभी विद्यार्थियों,अभिभावकों और शिक्षकों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा,‘यह सफलता हमारी सामूहिक मेहनत का परिणाम है। विद्यार्थियों ने कठिन परिश्रम और अनुशासन के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है। नवोदय विद्यालय ग्रामीण भारत की प्रतिभाओं को निखारने का सशक्त माध्यम है।’ उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगामी सफलताओं के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
सीबीएसई 10वीं बोर्ड में लखनपुर के समीर उद्दीन ने हासिल किए 90.6′ अंक,क्षेत्र का नाम रोशन किया

सरगुजा जिले के लखनपुर नगर पंचायत के होनहार छात्र समीर उद्दीन ने सीबीएसई कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा में शानदार 90.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि से लखनपुर में खुशी का माहौल छा गया है और परिवार व क्षेत्रवासियों में गर्व की लहर दौड़ गई है। समीर उद्दीन ओरिएंटल पब्लिक स्कूल, अंबिकापुर के छात्र हैं। उन्होंने अपनी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया। समीर के पिता समीम खान लखनपुर के पार्षद के साथ-साथ स्थानीय पत्रकार भी हैं। बेटे की सफलता पर पूरे परिवार में उत्साह और गर्व का वातावरण है। समीर की पढ़ाई के प्रति रुचि को देखते हुए परिवार ने 9वीं कक्षा में उनका दाखिला अंबिकापुर के ओरिएंटल पब्लिक स्कूल में कराया। हर रोज लखनपुर से लगभग 25 किलोमीटर की दूरी तय कर स्कूल आना-जाना उनकी कड़ी मेहनत और समर्पण को दर्शाता है। अपनी सफलता का पूरा श्रेय समीर ने अपने गुरुजनों, शिक्षकों और परिवार को दिया है। उन्होंने कहा कि निरंतर मेहनत और सही मार्गदर्शन से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। स्थानीय लोगों ने समीर उद्दीन की इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि ऐसे छात्र क्षेत्र के लिए प्रेरणास्रोत हैं। समीर भविष्य में और भी बेहतर प्रदर्शन करने की राह पर हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur