
गूँजा ‘संविधान जिंदाबाद’ का नारा
बैकुंठपुर,16 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। एमसीबी जिला एमसीबी के अंतर्गत रानी दुर्गावती गोंडवाना भवन (इमली गोली, डोमनापारा) में एसटी, एससी, बीसी महासंघ के संयुक्त तत्वावधान में संविधान निर्माता भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135 वीं जयंती को ज्ञान दिवस के रूप में बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया, इस दौरान भव्य संविधान यात्रा और आमसभा के जरिए समाज को उनके अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया गया।
पारंपरिक पूजा और भव्य संविधान यात्रा-कार्यक्रम का शुभारंभ दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल (खेडि़या तिराहा) के पास बैगा, भूमका और पंडा द्वारा पारंपरिक पूजा-पाठ के साथ किया गया। इसके पश्चात नगर में भव्य संविधान यात्रा रैली निकाली गई। बाबा साहब के जयघोष और ‘संविधान जिंदाबाद’ के गगनभेदी नारों के साथ यह रैली नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए रानी दुर्गावती गोंडवाना भवन पहुँची, जहाँ यह एक विशाल आमसभा में परिवर्तित हो गई।
संविधान : समानता और सुरक्षा का कवच-सभा के द्वितीय सत्र का प्रारंभ अतिथियों द्वारा बाबा साहब की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन और पुष्पार्चन के साथ हुआ।
शरण सिंह (जिलाध्यक्ष, महासंघ)-अपने स्वागत भाषण में उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने श्रम साध्य परिश्रम से हमें संविधान रूपी राष्ट्रीय ग्रंथ सौंपा है। उन्होंने वनांचल क्षेत्रों में पेसा कानून के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर देते हुए जल, जंगल और जमीन को कॉर्पोरेट घरानों से बचाने का आह्वान किया।
गुलाब कमरों (पूर्व विधायक एवं मुख्य अतिथि)-बाबा साहब के संघर्षों को याद करते हुए उन्होंने कहा शिक्षा शेरनी का वह दूध है, जो पिएगा वह दहाड़ेगा, उन्होंने बताया कि 32 डिग्रियां हासिल करने वाले बाबा साहब का जीवन हमें कठिन परिस्थितियों में भी शिक्षा से जुड़े रहने की प्रेरणा देता है।
दलित-शोषित वर्ग के मसीहा को नमन : रमेश सिंह
उन्होंने बाबा साहब को देश का सच्चा सपूत और शोषित वर्ग का मसीहा बताते हुए राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।
श्रीमती चंपा देवी पावले (भाजपा जिलाध्यक्ष,एमसीबी)
उन्होंने बाबा साहब के मूल संदेशों और विचारों को जन-जन तक पहुँचाने की आवश्यकता पर बल दिया, ताकि हर नागरिक जागरूक होकर अपने अधिकारों के लिए खड़ा हो सके।
प्रमुख उपस्थिति एवं आभार
सभा को अधिवक्ता राम नरेश पटेल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजेश साहू, प्रवक्ता राम गोपाल रवि और ध्रुपद चौहान ने भी संबोधित किया,कार्यक्रम में जिले भर से आए सैकड़ों सामाजिक कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur