अम्बिकापुर,15 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। अम्बिकापुर नगर निगम क्षेत्र में नजूल भूमि लीज नवीनीकरण का मुद्दा अब गंभीर जनसमस्या बनता जा रहा है। इस संबंध में अजीत बसंत (कलेक्टर, सरगुजा) को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र हस्तक्षेप की मांग की गई है। ज्ञापन में बताया गया है कि शहर में लगभग 20 हजार नजूल लीज पट्टाधारी हैं, जिनमें से करीब 80 प्रतिशत की लीज अवधि 31 मार्च 2026 को समाप्त हो चुकी है। समय पर नवीनीकरण नहीं होने से आम नागरिकों के साथ-साथ व्यापारिक वर्ग भी गंभीर संकट से जूझ रहा है। सबसे अधिक प्रभावित वे व्यापारी हैं, जिन्होंने अपनी नजूल भूमि को बैंक में मॉर्गेज रखकर ऋण या कैश क्रेडिट लिमिट ली हुई है। लीज समाप्त होने के कारण बैंक ऑडिट में आपत्तियां उठ रही हैं और खातों को बंद करने की चेतावनी दी जा रही है। इससे व्यापारियों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि लीज नवीनीकरण की प्रक्रिया में देरी का फायदा उठाकर बिचौलिये सक्रिय हो गए हैं और कथित रूप से आम लोगों से मोटी रकम की वसूली कर रहे हैं। इससे आम जनता में भारी असंतोष व्याप्त है। ज्ञापन में मांग की गई है कि राजस्व विभाग द्वारा वार्ड स्तर पर विशेष शिविर लगाकर नजूल तहसीलदार,राजस्व निरीक्षक एवं पटवारियों की अतिरिक्त तैनाती की जाए। साथ ही,मौके पर सत्यापन कर छत्तीसगढ़ भू-राजस्व संहिता की धारा 165 एवं 182 के तहत लीज नवीनीकरण की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाया जाए। ज्ञापन सौंपने वाले आलोक दुबे ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो हजारों नागरिकों और व्यापारियों को बड़े आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने प्रशासन से मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए तत्काल राहत प्रदान करने की मांग की है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur