ठेकेदार को नोटिस,7 दिन में जवाब तलब,काम तत्काल रोका गया
अम्बिकापुर,14 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। शहर के रिंग रोड स्थित प्राचीन तालाब के अवैध समतलीकरण मामले में नगर निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी किया है। निगम ने तत्काल कार्य रोकने के निर्देश दिए हैं और 7 दिनों के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है। जानकारी के अनुसार, करीब चार दिन पहले इस अवैध समतलीकरण का मामला सामने आया था। कांग्रेस पार्षद शुभम जायसवाल ने इसे उजागर करते हुए बताया कि रात के समय हाइवा और जेसीबी की मदद से गुपचुप तरीके से मलबा डालकर तालाब को समतल किया जा रहा था। बताया जा रहा है कि रियासतकालीन इस तालाब पर लंबे समय से भू-माफिया द्वारा धीरे-धीरे मलबा डालकर अतिक्रमण किया जा रहा था, लेकिन हाल के दिनों में यह गतिविधि तेज हो गई थी। मामले की जानकारी मिलने पर पार्षद ने कलेक्टर, तहसीलदार और निगम आयुक्त को अवगत कराते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की थी।
आवेदन निरस्त होने के बाद भी जारी था काम
निगम द्वारा जारी नोटिस से स्पष्ट हुआ है कि समतलीकरण के लिए ठेकेदार का आवेदन पहले ही निरस्त किया जा चुका था। इसके बावजूद ठेकेदार द्वारा अवैध रूप से कार्य जारी रखा गया। नोटिस जारी होने के बाद पार्षद शुभम जायसवाल ने संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
तहसीलदार ने भी लगाई रोक, 20 अप्रैल को पेश होने के निर्देश
मामले में तहसीलदार ने भी 13 अप्रैल को स्थल निरीक्षण कर समतलीकरण कार्य पर रोक लगा दी है। निरीक्षण के दौरान क्षेत्र जलयुक्त पाया गया, जिसके आधार पर कार्य बंद कराने के आदेश दिए गए। तहसीलदार ने संबंधित पक्ष को 20 अप्रैल को उपस्थित होकर पक्ष रखने के निर्देश भी जारी किए हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur