सीएम कार्यक्रम से पहले अनावरण करने का आरोप,भड़काऊ भाषण का वीडियो भी वायरल
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,11 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। शहर के आकाशवाणी चौक स्थित शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा के अनावरण को लेकर विवाद गहरा गया है। कोतवाली पुलिस ने सरगुजा युवक कांग्रेस के जिलाध्यक्ष विकल झा के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई नगर निगम के सहायक अभियंता की शिकायत पर की गई है। जानकारी के अनुसार, 9 अप्रैल को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा प्रतिमा का औपचारिक अनावरण किया जाना था। इससे पहले 8 अप्रैल की आधी रात युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष विकल झा ने अपने साथियों के साथ प्रतिमा का अनावरण कर दिया। आरोप है कि इससे शासकीय कार्यक्रम और तैयारियों में बाधा उत्पन्न हुई। सहायक अभियंता प्रदीप पैंकरा ने शिकायत में बताया कि प्रतिमा के अनावरण के बाद निगम को दोबारा साज-सज्जा करनी पड़ी। उन्होंने इसे शासकीय कार्य में हस्तक्षेप और संपत्ति को नुकसान बताया है।
वीडियो में भडकाऊ बयान का आरोप
शिकायत में यह भी कहा गया है कि अनावरण के दौरान दिए गए भाषण का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें भडकाऊ और आपत्तिजनक बातें कही गईं। इसे सांप्रदायिक सौहार्द बिगाडऩे वाला बताया गया है।
इन धाराओं में केस दर्ज
कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 221, 3(5), 324(3) और 353(2) के तहत अपराध दर्ज किया है।
भाजपा पार्षद ने पुलिस पर उठाए सवाल
मामले में भाजपा पार्षद आलोक दुबे ने भी पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आईजी से शिकायत कर कहा कि घटना के दौरान पुलिस गश्ती दल मौजूद होने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने संबंधित पुलिसकर्मियों को निलंबित करने की मांग की है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur