शिवधारी तालाब के पास वारदात,धमकी के कारण 3 दिन बाद दर्ज हुई रिपोर्ट
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,10 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। शहर के शिवधारी तालाब के पास 5 अप्रैल की दोपहर एक युवक से उसके परिचित ने अपने साथी के साथ मिलकर स्कूटी और मोबाइल लूट लिया। मामले में गांधीनगर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका साथी अब भी फरार है। जानकारी के अनुसार गोधनपुर निवासी अशोक टोप्पो 5 अप्रैल को गुदरी बाजार से सब्जी लेकर अपनी स्कूटी (सीजी 15 सीवी 7728) से घर लौट रहा था। शिवधारी तालाब के पास उसे पहचान के युवक आदर्श टोप्पो और उसके साथी ने आवाज देकर रोका। दोनों ने ब्रम्ह रोड जाने के लिए स्कूटी मांगी, लेकिन अशोक ने स्कूटी मालिक की होने की बात कहकर देने से मना कर दिया। इस पर नाराज होकर दोनों ने उसके साथ मारपीट की और स्कूटी व मोबाइल लूटकर फरार हो गए।
धमकी के कारण देर से रिपोर्ट : घटना के दौरान आरोपियों ने रिपोर्ट दर्ज कराने पर जान से मारने की धमकी दी थी। डर के कारण पीडि़त ने तुरंत शिकायत नहीं की। बाद में 8 अप्रैल को गांधीनगर थाने में मामला दर्ज कराया गया।
एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार : पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी आदर्श टोप्पो (20 वर्ष), निवासी फुन्दुडिहारी बीचपारा, को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं उसका साथी घटना के बाद से फरार है।
लूटा गया सामान अब तक बरामद नहीं : पुलिस के अनुसार लूटी गई स्कूटी और मोबाइल आरोपी के पास ही होने की संभावना है, जिसकी तलाश जारी है। फरार आरोपी की भी पुलिस सरगर्मी से खोजबीन कर रही है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur