निर्मम वारदात से दहला शहर,चिरमिरी में पुलिस ने दबोचा आरोपी
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,10 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। शहर के सद्भावना चौक स्थित रिंग रोड पर 3 अप्रैल को महिला की हुई निर्मम हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। घटना के 8 वें दिन आरोपी को एमसीबी जिले के चिरमिरी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। सरगुजा पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार 2 अप्रैल की रात मृतका एक व्यक्ति के साथ घूमते हुए सीसीटीवी कैमरे में दिखाई दी थी। इसके बाद दोनों पास की एक झोपड़ीनुमा मछली दुकान में गए,जहां खाना खाने के दौरान विवाद हुआ। इसी दौरान आरोपी ने महिला के साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या कर दी। जांच में सामने आया कि आरोपी ने हत्या के बाद शव के साथ अमानवीय कृत्य भी किया और पत्थर से चेहरा कुचल दिया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान पांडा उर्फ मिथुन के रूप में की गई।
महिला की पहचान और पृष्ठभूमि : मृतका की पहचान लखनपुर थाना क्षेत्र की 42 वर्षीय महिला के रूप में हुई है। वह शहर के गंगापुर इलाके में अपने बेटे के साथ किराए के मकान में रहती थी। बताया जा रहा है कि वह कबाड़ बीनकर जीवनयापन करती थी और अक्सर घर से लंबे समय तक बाहर रहती थी।
घटना से फैला आक्रोश : घटना के बाद शहर में भारी आक्रोश देखने को मिला। विभिन्न संगठनों और राजनीतिक दलों ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। इस हत्याकांड की तुलना दिल्ली के निर्भया कांड से भी की जा रही थी।
35 हजार रुपए का था इनाम
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। आईजी द्वारा 30 हजार और डीआईजी द्वारा 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। चार टीमें लगातार आरोपी की तलाश में जुटी थीं।
चिरमिरी में दबोचा गया आरोपी
पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी चिरमिरी क्षेत्र में घूम रहा है। हुलिए के आधार पर पुलिस ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद सरगुजा पुलिस टीम उसे अंबिकापुर लाई, जहां उससे पूछताछ जारी है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur