Breaking News

अंबिकापुर/मैनपाट@विधवा के मकान पर चला बुलडोजर भाजपा नेता ने दिया इस्तीफा…..

Share

पक्षपातपूर्ण कार्रवाई का आरोप,कई अवैध कब्जों पर कार्रवाई नहीं होने से नाराजगी
-संवाददाता-
अंबिकापुर/मैनपाट,10 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। मैनपाट विकासखंड के ग्राम रोपाखार में शुक्रवार सुबह प्रशासन ने शासकीय जमीन पर बने एक मकान को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। यह मकान एक विधवा महिला का बताया जा रहा है। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में नाराजगी का माहौल है और मामले ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है। विधवा महिला का आरोप है कि मैनपाट क्षेत्र के कई गांवों में वर्षों से अवैध कब्जे बने हुए हैं,लेकिन प्रशासन उन पर कोई कार्रवाई नहीं कर रहा। इसके विपरीत उनके मकान को निशाना बनाया गया। महिला के भाई एवं मैनपाट भाजपा मंडल के महामंत्री रहे गौतम पैकरा ने बताया कि उनकी बहन खसरा नंबर 853 की भूमि के एक छोटे हिस्से पर मकान बनाकर रह रही थी। उन्हें वन अधिकार पत्र भी मिला था, लेकिन उसमें त्रुटिवश खसरा नंबर 754 दर्ज हो गया। इस त्रुटि के सुधार के लिए कलेक्टर सरगुजा के समक्ष आवेदन दिया गया था। इसी बीच अंबिकापुर निवासी एक व्यक्ति की शिकायत पर तहसील प्रशासन ने मकान को अवैध कब्जा मानते हुए कार्रवाई कर दी।
दर्जनों अतिक्रमण पर कार्रवाई नहीं
गौतम पैकरा ने आरोप लगाया कि रोपाखार, केसरा और नर्मदापुर पंचायत सहित कई गांवों में अतिक्रमण हटाने के आदेश वर्षों पहले जारी हुए, लेकिन अब तक उन पर अमल नहीं हुआ। ऐसे में केवल एक गरीब विधवा के मकान पर कार्रवाई करना पक्षपातपूर्ण है।
भाजपा नेता ने दिया इस्तीफा
मामले से नाराज होकर गौतम पैकरा ने भाजपा मंडल महामंत्री पद, सक्रिय सदस्यता और प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपने त्याग पत्र में लिखा कि वर्ष 1992 से उनका परिवार पार्टी के लिए निष्ठा से कार्य करता रहा, लेकिन इस मामले में न तो प्रशासन से न्याय मिला और न ही राजनीतिक सहयोग। उन्होंने इस्तीफे की प्रतिलिपि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, संगठन महामंत्री और सरगुजा जिलाध्यक्ष को भी भेजी है।


Share

Check Also

प्रतापपुर,@आवास मिला…लेकिन अधूरा

Share सूरजपुर में गरीबों के सपनों पर ‘किस्त’ का तालाप्रतापपुर ब्लॉक सबसे ज्यादा प्रभावित…मजदूरी भी …

Leave a Reply