बिलासपुर,10 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ में महिला एवं बाल विकास विभाग में साड़ी घोटाले को लेकर हंगामा मचा हुआ है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को वितरित की गई साड़ी में घोटाले की बात कही जा रही है। तमाम आरोपों के बीच महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े का बड़ा बयान सामने आया है। मंत्री राजवाड़े ने कहा कि कई जगहों से क्वालिटी को लेकर शिकायत मिली है, लेकिन ऐसा नहीं है कि वितरित की गई पूरी साड़ी खराब है। उन्होंने खुद इसका उपयोग करके, साड़ी को धोकर देखा है। हालांकि इसके बाद भी जहां से शिकायत है, वहां खराब साड़ी को रिप्लेस कर नई साड़ी देने के निर्देश दिए गए हैं। गड़बड़ी की जांच करने के भी निर्देश दिए गए हैं। कांग्रेस पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस के जमाने में साड़ी वितरण में भ्रष्टाचार होता था। कांग्रेस कार्यकाल की साड़ी पहनने लायक नहीं होती थी। तब की साड़ी मछली झोलने (पकड़ने) के काम आती थी।
दीपक बैज ने कहा…महिला एवं बाल विकास विभाग बना भ्रष्टाचार का अड्डा,क्या सरकार साड़ी खरीदी की कराएगी जांच…
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने राज्य सरकार पर साड़ी खरीदी के नाम पर भ्रष्टाचार करने का गंभीर आरोप लगाया है। शुक्रवार को जगदलपुर राजीव भवन में पत्रवार्ता को संबोधित करते हुए बैज ने कहा कि सरकार ने महिला एवं बाल विकास विभाग को भ्रष्टाचार का अड्डा बना लिया है। दीपक बैज ने कहा, महिला एवं बाल विकास विभाग ने प्रदेश के आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के लिए 1 लाख 94 हजार 5 सौ 90 नग घटिया क्वालिटी की साड़ी की खरीदी की है। साड़ी उपयोग के लायक नहीं है। विभाग के द्वारा सेनेटरी पैड, ग्रीन बोर्ड एवं आरओ खरीदी में भी भ्रष्टाचार किया गया है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur