आकाशवाणी चौक की घटना से गरमाई राजनीति भाजपा में आक्रोश,सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,09 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। शहर के आकाशवाणी चौक पर शहीद चंद्रशेखर आजाद तथा डीसी रोड पर भाजपा के दिवंगत नेता व पूर्व विधायक रविशंकर त्रिपाठी की प्रतिमाओं के अनावरण से पहले ही राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया। युवक कांग्रेस (युकां) के जिलाध्यक्ष द्वारा आधी रात में शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा का अनावरण किए जाने से प्रशासन और राजनीतिक हलकों में हडकंप मच गया। नियत कार्यक्रम के अनुसार गुरुवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के हाथों दोनों प्रतिमाओं का अनावरण होना था, लेकिन इससे पहले बुधवार देर रात युकां जिलाध्यक्ष विकल झा अपने समर्थकों के साथ आकाशवाणी चौक पहुंचे और प्रतिमा का अनावरण कर माल्यार्पण किया। इस दौरान उन्होंने वीडियो बनवाकर सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिया।
भाजपा ने जताया आक्रोश : भाजपा नेता संतोष दास ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में वर्षों तक प्रतिमा का अनावरण नहीं कराया, जबकि भाजपा द्वारा यह कार्य किए जाने पर इस तरह का व्यवहार दुर्भाग्यपूर्ण है।
फिर से ढंकी गई प्रतिमा : घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा नेता रात में मौके पर पहुंचे और प्रतिमा को दोबारा ढंक दिया। इसके बाद गुरुवार को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री ने विधिवत अनावरण किया।
कमिश्नर बोले…होगी कार्रवाई
नगर निगम कमिश्नर डीएन कश्यप ने कहा कि वर्ष 2013 से प्रतिमा स्थापित थी, लेकिन विवाद के कारण अनावरण नहीं हो सका था। अब जब कार्यक्रम तय हुआ, उससे पहले इस प्रकार का कृत्य शासकीय कार्य में बाधा डालने जैसा है। संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
साज-सज्जा को लेकर लगाया आरोप
युकां जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा द्वारा रविशंकर त्रिपाठी की प्रतिमा स्थल को भव्य रूप दिया गया है, जबकि शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा के साथ उपेक्षा की गई। इसी के विरोध में उन्होंने यह कदम उठाया।
वीडियो वायरल, बढ़ा राजनीतिक तापमान
वीडियो वायरल होते ही शहर में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। मामला महापौर तक पहुंचा, जिन्होंने इस कृत्य को गंभीर बताते हुए एफआईआर दर्ज कराने की बात कही। वहीं भाजपा नेताओं ने इसे शहीद का अपमान करार दिया।
शहीद चंद्रशेखर आजाद का नाम दूसरे स्थान पर होने पर आपत्ति,युवाओं में रोष की बात
प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम को लेकर शहर में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। आमंत्रण पत्र में शहीद चंद्रशेखर आजाद का नाम दूसरे स्थान पर लिखे जाने को लेकर आपत्ति जताई गई है। इसे लेकर कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि स्वर्गीय पं. रवि त्रिपाठी एक बड़े राजनीतिक व्यक्तित्व थे और वे सम्मान के पात्र हैं,लेकिन देश की स्वतंत्रता के लिए प्राण न्यौछावर करने वाले शहीद चंद्रशेखर आजाद का स्थान सर्वोच्च होना चाहिए। उनका नाम दूसरे क्रम में रखना शहीदों की गरिमा के विपरीत बताया गया है। नेताओं का कहना है कि शहीद चंद्रशेखर आजाद और सरदार भगत सिंह युवाओं के प्रेरणास्रोत हैं। ऐसे में कार्यक्रम की रूपरेखा और आमंत्रण पत्र की प्रस्तुति से युवाओं में नाराजगी है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि यह पूरा कार्यक्रम शहीदों के सम्मान के अनुरूप नहीं है। उन्होंने कहा कि इस तरह की व्यवस्था से यह संदेश जाता है कि स्वतंत्रता संग्राम के नायकों के प्रति उचित सम्मान नहीं दिया जा रहा। इस मुद्दे को लेकर शहर में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। एक ओर भाजपा अपने कार्यक्रम को सम्मानजनक बता रही है,वहीं विपक्ष इसे मुद्दा बनाकर सरकार को घेरने में जुटा है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur