-संवाददाता-
लखनपुर,०8 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)।एक दिन पहले हुए हादसे में क्षतिग्रस्त ट्रक को नेशनल हाईवे से हटाने में नाकाम रहने वाली पुलिस की वजह से मंगलवार रात करीब 9 बजे एक और दुर्घटना हो गई, जिसमें 40 वर्षीय सीआईएसएफ जवान विनय टोप्पो की मौत हो गई। मृतक विनय टोप्पो पिता : एल्विश टोप्पो निवासी भगवानपुर,अंबिकापुर, एनटीपीसी कोरबा में सीआईएसएफ में तैनात था। वह अपनी स्प्लेंडर बाइक (ष्टत्र07 ख्भ् 6990) पर कोरबा से अपने घर अंबिकापुर लौट रहा था। रास्ते में ग्राम रजपुरीकला के अमेरा कोल खदान गेट के पास एक दिन पहले हुए हादसे में क्षतिग्रस्त ट्रक सड़क किनारे खड़ा था। ट्रक से लटक रही रस्सी में बाइक फंसते ही विनय अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़े। सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार खून बहने से मौत घटनास्थल पर ही हो चुकी थी, फिर भी उन्हें अंबिकापुर ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
रजपुरीकला बन गया मौत का अड्डा : बताया जा रहा है कि रजपुरीकला इलाका इन दिनों सड़क दुर्घटनाओं का हॉटस्पॉट बन गया है। मात्र दो दिनों में यहां दो लोगों की जान जा चुकी है। पुलिस प्रशासन की नाकामी साफ दिखाई दे रही है। एक दिन पहले हुए हादसे में ट्रक क्षतिग्रस्त होकर सड़क पर खड़ा था, लेकिन 24 घंटे से ज्यादा समय बीत जाने के बावजूद पुलिस ने उसे नेशनल हाईवे 130 से हटाने की कोई व्यवस्था नहीं की। यही लापरवाही दूसरे व्यक्ति की जान ले बैठी।
आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के समक्ष तीन मांगें रखींः
- नेशनल हाईवे 130 पर रजपुरीकला-अमेरा खदान चौराहे पर लाइट ब्रेकर और सांकेतिक बोर्ड लगाए जाएं।
- दुर्घटनाओं को रोकने के लिए समय-समय पर पुलिस द्वारा वाहन चेकिंग की जाए।
- क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए।
- एसडीओपी ने ग्रामीणों को इन मांगों को जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया है।
आधे घंटे तक चक्का जाम, यातायात ठप
दो दिनों में लगातार दो मौतों के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे पर चक्का जाम कर दिया। इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। अंत में पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद जाम समाप्त किया गया। रात करीब 3 बजे क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रक को लखनपुर थाने ले जाया गया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur