
महुवापारा-देवीपुर मार्ग की वर्षों पुरानी मांग पूरी,भाजपा कार्यकर्ताओं ने घर-घर पहुंचकर लिया योजनाओं का फीडबैक
एमसीबी,08 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। सूरजपुर नगर के वार्ड क्रमांक 15 स्थित महुवापारा-देवीपुर मार्ग पर जोगीनाला में पुल एवं सड़क निर्माण का रास्ता साफ हो गया है, करीब 3.18 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस कार्य से क्षेत्रवासियों को खासकर बरसात के मौसम में बड़ी राहत मिलेगी, इसी के साथ भाजपा ने ‘गांव चलो-बस्ती चलो’ अभियान की शुरुआत कर जनसंपर्क भी तेज कर दिया है। सूरजपुर नगर में लंबे समय से लंबित जोगीनाला पुलिया और सड़क निर्माण की मांग अब पूरी होने जा रही है, वार्ड क्रमांक 15 के महुवापारा-देवीपुर मार्ग पर बनने वाले इस पुल और सड़क के लिए लगभग 3 करोड़ 18 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है, यह निर्माण कार्य क्षेत्र के हजारों लोगों के लिए राहत लेकर आएगा, जो हर साल बारिश में आवागमन की भारी परेशानी झेलते थे, स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही विधायक भूलन सिंह मरावी द्वारा किए गए वादे को पूरा करने पर उन्हें धन्यवाद दिया गया। लोगों ने इसे नगर विकास की दिशा में बड़ा कदम बताया।
‘गांव चलो-बस्ती चलो’ अभियान की शुरुआत- इसी अवसर पर भारतीय जनता पार्टी मंडल सूरजपुर शहर द्वारा ‘गांव चलो-बस्ती चलो’ अभियान का शुभारंभ वार्ड क्रमांक 15 महुआपारा से किया गया, अभियान का नेतृत्व विधायक भूलन सिंह मरावी ने किया, इस दौरान कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों से मुलाकात की और योजना के क्रियान्वयन का फीडबैक लिया, लाभार्थियों ने योजना का लाभ मिलने पर केंद्र और राज्य सरकार के प्रति संतोष जताया, अभियान दल ने इसके बाद वार्ड क्रमांक 17 और 18 में भी जनसंपर्क कर योजनाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। लोगों में योजनाओं को लेकर सकारात्मक माहौल देखने को मिला।
समरसता भोज और आयोजन- कार्यक्रम की शुरुआत विधिविधान से पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद पिंकी साहू के निवास पर समरसता भोज का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन राजू देवांगन ने किया।
कार्यक्रम में शामिल प्रमुख लोग- भूमिपूजन कार्यक्रम में नपा अध्यक्ष कुसुमलता राजवाड़े,पूर्व जिला महामंत्री राजेश महलवला,पूर्व नपा अध्यक्ष थलेश्वर साहू, उपाध्यक्ष शैलेश अग्रवाल,महामंत्री राजू देवांगन सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि,कार्यकर्ता और वार्डवासी उपस्थित रहे।
जनप्रतिनिधियों के बयान
विधायक भूलन सिंह मरावी ने कहा…जोगीनाला पुल और सड़क निर्माण से क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी, हमने जो वादा किया था, उसे पूरा करने का काम कर रहे हैं। सरकार हर वार्ड तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
अजय अग्रवाल ने कहा… यह पुल और सड़क वर्षों से लोगों की प्रमुख मांग थी। इसके बनने से आवागमन सुरक्षित और आसान होगा।
शशिकांत गर्ग ने कहा…यह कार्य क्षेत्र के समग्र विकास का प्रतीक है, सरकारी योजनाएं तेजी से जमीन पर उतर रही हैं।
अरविंद मिश्रा ने कहा…पुल और सड़क बनने से स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। नगर विकास के लिए निरंतर प्रयास जारी हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur