-संवाददाता-
अंबिकापुर,07 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा संभाग में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर लगातार सामने आ रही शिकायतों पर अब प्रशासन सख्त नजर आ रहा है। संभागीय संयुक्त संचालक स्वास्थ्य सेवाएं, सरगुजा डॉ. अनिल कुमार शुक्ला ने सूरजपुर जिले से संबंधित दो प्रमुख मामलों में जांच के निर्देश जारी किए हैं, वहीं योजनाओं की धीमी प्रगति पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है। महुली उप स्वास्थ्य केंद्र बंद रहने के कारण इलाज के लिए मासूम को लेकर परिजन भटकते रहे, इलाज न मिलने के कारण उसकी मौत हो गई थी। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए संभगीय स्वास्थ्य संचालक ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी,सूरजपुर को निर्देशित किया है कि दोनों मामलों में जांच समिति गठित कर 3 दिनों के भीतर प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाए। दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को शासकीय अस्पतालों में समुचित इलाज नहीं मिल पा रहा है और उन्हें निजी अस्पतालों की ओर भेजा जा रहा है। वहीं ग्राम पंचायत महुली का उप स्वास्थ्य केंद्र लंबे समय से बंद होने के कारण लगभग 15 से 20 हजार ग्रामीण बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित हैं। जिला स्तर पर स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं और इंडिकेटर्स में लगातार कमजोर प्रगति पाए जाने पर सीएमएचओ डॉ. कपिलदेव पैकरा को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। कलेक्टर कार्यालय के संदर्भ पत्र के आधार पर जारी नोटिस में कहा गया है कि समीक्षा बैठकों में बार-बार निर्देश दिए जाने के बावजूद योजनाओं की प्रगति संतोषजनक नहीं है, जिससे विभाग की छवि प्रभावित हो रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अधिकारियों को व्यक्तिगत रुचि लेकर कार्यों की सतत समीक्षा करनी होगी। नोटिस में चेतावनी दी गई है कि यदि संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया, तो उच्च स्तर पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur