- भाजयुमो के नेतृत्व में ध्वजारोहण से लेकर संपर्क अभियान और समरसता भोज तक कार्यक्रमों की श्रृंखला,युवाओं और समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचने की तैयारी
सूरजपुर,07 अप्रैल 2026(घटती-घटना)। भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर सूरजपुर जिले में संगठनात्मक सक्रियता चरम पर नजर आ रही है, भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) द्वारा जिलाध्यक्ष देव गुप्ता के नेतृत्व में स्थापना दिवस को केवल औपचारिक कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए इसे सेवा सप्ताह के रूप में विस्तारित किया गया है, 6 अप्रैल से शुरू हुए इस अभियान में जहां एक ओर पार्टी के प्रति समर्पण और उत्साह का प्रदर्शन किया गया, वहीं दूसरी ओर समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचने और संवाद स्थापित करने की ठोस रणनीति भी दिखाई दे रही है, प्रदेश नेतृत्व के मार्गदर्शन और जिला संगठन की निगरानी में चल रहे इन कार्यक्रमों के माध्यम से संगठन अपनी जमीनी पकड़ मजबूत करने के साथ-साथ युवाओं को जोड़ने पर विशेष ध्यान दे रहा है, आने वाले दिनों में संपर्क, संवाद और सामाजिक समरसता के विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए पार्टी अपने संगठनात्मक विस्तार को और गति देने की तैयारी में है।
अंबेडकर जयंती पर समरसता भोज और श्रद्धांजलि कार्यक्रम
14 अप्रैल को डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर जिलेभर में समरसता भोज का आयोजन किया जाएगा, इसके साथ ही बाबा साहेब की प्रतिमाओं की साफ-सफाई और माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी, यह कार्यक्रम सामाजिक समरसता और समानता का संदेश देने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।
नेतृत्व का आह्वान और संगठनात्मक मजबूती पर जोर
जिलाध्यक्ष देव गुप्ता ने सभी कार्यकर्ताओं से इन कार्यक्रमों को अनुशासन और उत्साह के साथ सफल बनाने का आह्वान किया है, उन्होंने कहा कि सेवा सप्ताह के माध्यम से संगठन की रीति-नीति को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा और अधिक से अधिक लोगों को पार्टी की विचारधारा से जोड़ा जाएगा।
स्थापना दिवस पर भव्य ध्वजारोहण और उत्साह का प्रदर्शन
6 अप्रैल को भारतीय जनता पार्टी के 48वें स्थापना दिवस के अवसर पर सूरजपुर जिले में व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए,भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने घरों पर पार्टी का ध्वज फहराकर स्थापना दिवस को उत्सव के रूप में मनाया, इस दौरान डिजिटल माध्यमों का भी उपयोग किया गया,जहां कार्यकर्ताओं ने सरल ऐप के जरिए अपनी सहभागिता दर्ज कराई और फोटो अपलोड कर संगठनात्मक एकजुटता का प्रदर्शन किया। मिठाई बांटकर एक-दूसरे को बधाई देने का सिलसिला पूरे जिले में देखने को मिला।
सेवा सप्ताह की शुरुआत,कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तैयार
स्थापना दिवस के साथ ही सेवा सप्ताह की शुरुआत हो गई है, जो 7 अप्रैल से 14 अप्रैल तक विभिन्न गतिविधियों के साथ जारी रहेगा,इस अवधि में भाजयुमो द्वारा कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों की योजना बनाई गई है, जिनका उद्देश्य संगठन को मजबूत करना और समाज के विभिन्न वर्गों के साथ संवाद स्थापित करना है।
हॉस्टल संपर्क अभियान : युवाओं से सीधा संवाद
सेवा सप्ताह के तहत हॉस्टल संपर्क अभियान के माध्यम से छात्रों और युवाओं तक पहुंच बनाई जाएगी,इस अभियान का उद्देश्य युवाओं के बीच संगठन की विचारधारा को पहुंचाना और उनके मुद्दों को समझते हुए संवाद स्थापित करना है,इसके जरिए छात्र समुदाय के साथ सीधा संपर्क स्थापित करने की कोशिश की जाएगी।
बूथ चलो अभियान : जमीनी स्तर पर संगठन विस्तार
ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बूथ चलो अभियान के तहत कार्यकर्ता घर-घर पहुंचेंगे, इस अभियान के दौरान केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी दी जाएगी और लाभान्वित हितग्राहियों को अभिनंदन पत्र प्रदान किए जाएंगे,यह कार्यक्रम संगठन की जमीनी पकड़ को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
वीडियो संदेश अभियान : जनभागीदारी पर जोर
नक्सलवाद के खिलाफ चल रहे प्रयासों के प्रति समर्थन जताने के लिए वीडियो संदेश अभियान भी चलाया जाएगा,इसमें आम नागरिकों के विचार और संदेश रिकॉर्ड कर उन्हें डिजिटल माध्यमों पर साझा किया जाएगा, जिससे जनभागीदारी को बढ़ावा मिल सके।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur