32 नशीले इंजेक्शन के साथ युवक-युवती गिरफ्तार
आईजी दीपक झा और एसपी रत्ना सिंह के निर्देश पर कार्रवाई,लगातार दूसरी बड़ी सफलता
,तस्करी में प्रयुक्त बाइक भी जब्त
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज,नेटवर्क की जांच जारी
एमसीबी,07 अप्रैल 2026(घटती-घटना)। एमसीबी जिले के चिरमिरी क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है, पुलिस महानिरीक्षक दीपक झा (आईपीएस) और पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह (आईपीएस) के निर्देशों पर चिरमिरी पुलिस द्वारा की जा रही सख्त कार्रवाई का असर अब साफ तौर पर दिखाई देने लगा है, इसी कड़ी में 5 अप्रैल को थाना चिरमिरी पुलिस ने 6 नंबर गोलाई क्षेत्र में घेराबंदी कर एक युवक और एक युवती को गिरफ्तार किया,जिनके पास से 32 नग नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए,जब्त किए गए इंजेक्शन की कीमत करीब 22 हजार रुपये आंकी गई है, इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त एक पैशन प्रो मोटरसाइकिल भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले ली है,इस कार्रवाई को हाल के दिनों में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की दूसरी बड़ी सफलता माना जा रहा है, चिरमिरी पुलिस की लगातार कार्रवाई से नशा तस्करों में दहशत का माहौल बनता जा रहा है, यदि इसी तरह अभियान जारी रहा, तो क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण संभव हो सकेगा।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी विजय सिंह,एएसआई नयिम खान, महिला प्रधान आरक्षक रुकमणी बंजारे,आरक्षक विकास कुजूर एवं सैनिक प्रमोद साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसकी सराहना की जा रही है।
पुलिस का सख्त संदेश
थाना प्रभारी विजय सिंह ने स्पष्ट कहा है कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़ी अवैध संपत्ति की भी जांच कर रही है।
घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपी
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नशीले इंजेक्शन की तस्करी की जा रही है,सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 6 नंबर गोलाई के पास घेराबंदी की और मौके पर एक युवक एवं एक युवती को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से 32 नग नशीले इंजेक्शन बरामद हुए।
पहले पकड़े गए आरोपी से मिला सुराग
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पूर्व में गिरफ्तार आरोपी विवेक पटेल से मिली जानकारी के आधार पर की गई,पूछताछ के दौरान अभिषेक समुंद्रे का नाम सामने आया था,जो गिरफ्तारी से बचने के लिए मोबाइल फोन तोड़कर फरार हो गया था। इसी इनपुट के आधार पर पुलिस ने आगे की कार्रवाई को अंजाम दिया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई…
दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(सी) एवं 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है, पुलिस द्वारा पूरे मामले की गहन विवेचना की जा रही है और तस्करी के नेटवर्क की कडि़यों को जोड़ा जा रहा है।
लगातार दूसरी बड़ी कार्रवाई…
गौरतलब है कि इससे पहले भी चिरमिरी पुलिस ने नशीले इंजेक्शन की तस्करी में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से यह स्पष्ट है कि पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ पूरी सख्ती के साथ अभियान चला रही है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur