Breaking News

बचरापोंडी/खड़गवां @ रहस्यमयी मौत या हत्या? 21 वर्षीय युवक की संदिग्ध मौत से सनसनी

Share

परिजनों ने उठाए गंभीर सवालबारात देखने गया युवक सुबह मृत मिला,एक्सीडेंट की थ्योरी पर संदेह,जांच पर उठे प्रश्न
बचरापोंडी/खड़गवां,07 अप्रैल 2026(घटती-घटना)।
खड़गवां के ग्राम पंचायत ठगगांव के डोभा पारा में 21 वर्षीय युवक की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है, मृतक की पहचान बिजेंद्र (21 वर्ष),पिता रामकुमार के रूप में हुई है,परिजन इस घटना को सड़क दुर्घटना मानने से इनकार करते हुए इसे सुनियोजित हत्या बता रहे हैं, वहीं पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी है और जांच जारी है। परिजनों के अनुसार 24 फरवरी 2026 की रात बिजेंद्र गांव में पड़ोस में आई बारात देखने गया था, उस समय परिवार के अन्य सदस्य भी आसपास मौजूद थे,देर रात सभी लोग घर लौट आए,लेकिन बिजेंद्र वापस नहीं पहुंचा,इसके बाद परिवार ने उसकी तलाश शुरू की,लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।
अगले दिन मिली मौत की सूचना
अगले दिन सुबह लगभग 9 से 10 बजे व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से सूचना मिली कि रात करीब 10 से 11 बजे के बीच बंजारीडांड क्षेत्र में उसका एक्सीडेंट हो गया है,सूचना मिलने के बाद परिजन मौके की जानकारी जुटाने लगे। बताया गया कि बचरापोंडी थाना स्टाफ शव को बैकुंठपुर जिला अस्पताल ले गया, जहां पोस्टमार्टम कराया गया।
एक्सीडेंट की थ्योरी पर सवाल
परिजनों ने इस घटना को सड़क दुर्घटना मानने से इनकार किया है, उनका कहना है कि घटनास्थल पर दुर्घटना के कोई स्पष्ट सबूत नहीं मिले, परिजनों के अनुसार सड़क पर घिसटने के निशान नहीं थे, कोई वाहन क्षतिग्रस्त हालत में नहीं मिला,मृतक की बाइक घर पर ही खड़ी थी, इन तथ्यों के आधार पर परिजन इसे संदिग्ध मान रहे हैं।
डीजे विवाद और संदिग्ध घटनाक्रम-
सूत्रों के अनुसार,बारात के दौरान डीजे बजाने वाले कुछ युवकों के बीच विवाद हो रहा था, बताया जा रहा है कि बिजेंद्र ने उन्हें समझाने की कोशिश की थी, इसके बाद यह भी कहा जा रहा है कि संबंधित युवक नशे की हालत में थे,बिजेंद्र को पिकअप वाहन में बैठाकर बंजारीडांड की ओर ले जाया गया,अगले दिन उसी क्षेत्र के पास उसका शव मिला,परिजन आशंका जता रहे हैं कि उसके साथ मारपीट की गई हो सकती है। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
बयान दर्ज,लेकिन गिरफ्तारी नहीं…
मामले में डीजे वाहन चालक का बयान बचरापोंडी चौकी में दर्ज किया गया है,इसके अलावा बैकुंठपुर थाने में चार अन्य लोगों के बयान भी लिए गए हैं, इसके बावजूद अब तक किसी भी संदिग्ध की गिरफ्तारी नहीं हुई है,जिससे परिजनों में नाराजगी है।
मंत्री से शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं…
मृतक के परिजन न्याय की मांग को लेकर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल से भी मिले थे,बताया गया कि 23 मार्च को मंत्री के समक्ष शिकायत दर्ज कराई गई थी और संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे, इसके बावजूद अब तक कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आया है।
पुलिस का पक्ष
बचरापोंडी चौकी प्रभारी लक्ष्मी कश्यप के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी है और मामले की जांच जारी है,हालांकि,पुलिस की ओर से अब तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि मौत दुर्घटना में हुई या इसके पीछे कोई आपराधिक कारण है।
इलाके में चर्चा और बढ़ती आशंका
घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, स्थानीय लोग भी घटना को संदिग्ध मानते हुए निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
स्पष्ट अस्वीकरण
मामले की जांच जारी है, परिजनों और सूत्रों के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है अंतिम निष्कर्ष जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।


Share

Check Also

प्रतापपुर,@आवास मिला…लेकिन अधूरा सूरजपुर में गरीबों के सपनों पर ‘किस्त’ का ताला

Share प्रतापपुर ब्लॉक सबसे ज्यादा प्रभावित…मजदूरी भी अटकी-आदिवासी परिवारों पर दोहरी मारप्रतापपुर, 23 अप्रैल 2026 …

Leave a Reply