-संवाददाता-
अम्बिकापुर,06 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा संचालित हायर सेकेंडरी मुख्य परीक्षा 2026 के तहत हिन्दी विषय की परीक्षा अब 10 अप्रैल को पुनः आयोजित की जाएगी। मंडल के निर्देश पर सोमवार को अंबिकापुर स्थित शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के हॉल में सभी केंद्राध्यक्ष और सहायक केंद्राध्यक्षों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सरगुजा जिले के 71 परीक्षा केंद्रों के केंद्राध्यक्ष,सहायक केंद्राध्यक्ष तथा परिवहन कार्य में लगे जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार झा ने मंडल से प्राप्त पीपीटी के आधार पर परीक्षा संचालन से जुड़े आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में मास्टर ट्रेनर के रूप में शासकीय हाई स्कूल सेदम के प्राचार्य रविशंकर पाण्डेय और शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मणिपुरवार्ड के प्राचार्य एलपी गुप्ता ने केंद्राध्यक्षों व सहायक केंद्राध्यक्षों को परीक्षा संचालन की विस्तृत ट्रेनिंग दी। बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि परीक्षा के बाद 13 अप्रैल से मूल्यांकन कार्य प्रारंभ होगा,जिसे दो दिनों के भीतर पूरा करना है। इसके लिए सभी हायर सेकेंडरी स्कूलों के प्राचार्यों को निर्देश दिया गया है कि हिन्दी विषय के शिक्षकों को तत्काल मूल्यांकन केंद्र के लिए कार्यमुक्त करें।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur